अब तक हिंदी की परीक्षा सबसे अधिक विद्यार्थियों ने छोड़ी है
रामनगर। शुक्रवार को हाईस्कूल गणित विषय की परीक्षा में 77548 में 2337 ने परीक्षा छोड़ दी। उत्तराखंड विद्यालयी शिक्षा परिषद की बोर्ड परीक्षा 21 फरवरी से शुरू हो गई है। छह दिनों में बोर्ड की 13 परीक्षाएं संपन्न हो चुकी हैं। इन परीक्षाओं में सबसे अधिक हिंदी की परीक्षाएं विद्यार्थियों ने छोड़ी हैं। अब तक हाईस्कूल और इंटरमीडिएट में 5,884 परीक्षार्थी हिंदी की परीक्षाएं छोड़ चुके हैं। बोर्ड के सचिव विनोद सिमल्टी ने बताया कि अब तक सबसे अधिक परीक्षार्थी हिंदी की परीक्षा में अनुपस्थित रहे हैं। हाईस्कूल हिंदी में 111936 ने पंजीकरण कराया था। 108577 परीक्षार्थियों ने परीक्षा में भाग लिया जबकि 3359 ने परीक्षा छोड़ दी। इंटरमीडिएट में 99541 ने पंजीकरण कराया था। 97016 ने परीक्षा में भाग लिया, 2525 ने परीक्षा छोड़ दी। शनिवार को इंटरमीडिएट मनोविज्ञान, शिक्षाशास्त्र, गणित, कृषि वनस्पति विज्ञान द्वितीय प्रश्न पत्र (केवल कृषि भाग 2 के लिए) कृषि अर्थशास्त्र सप्तम प्रश्न पत्र (केवल कृषि भाग 2 के लिए), हाईस्कूल में गृह विज्ञान (1 केवल बालिकाओं के लिए और 2 बालकों तथा उन बालिकाओं के लिए जिन्होंने इसे अनिवार्य विषय के रूप में नहीं लिया है) की परीक्षा होगी। संवाद