होली के मद्देनजर रविवार को जिला खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने रामनगर, पीरूमदारा क्षेत्र के 30 प्रतिष्ठानों में छापेमारी की, जिसमें दो मिठाई की दुकानों में खामियां पाई गई। टीम ने 23 किलो मिठाई को नष्ट कराया। छापामार कार्रवाई की सूचना से दुकान स्वामियों में खलबली मच गई, जबकि कई शटर गिराकर चलते बने।
जिला खाद्य निरीक्षक एके फुलोरिया के नेतृत्व में टीम ने रानीखेत रोड, लखनपुर, कोसी रोड, मुख्य बाजार में अभियान चलाने के बाद ग्रामीण क्षेत्र पीरूमदारा में छामापार कार्रवाई की। खाद्य सुरक्षा अधिकारी अर्पणा शाह ने बताया कि मावा, मिठाई विक्रेताओं के अलावा 6-7 रिटेलरों की दुकानों में छापे मारे गए, जिसमें सत्यम स्वीट्स में 20 किलो तो लक्की स्वीट्स में 3 किलो मिठाई खराब मिली। जिसे दुकान स्वामी ने खुद ही नष्ट किया।
दोनों दुकानदारों को नोटिस दिया गया कि भविष्य में ऐसा न करें, वरना कड़ी कार्रवाई होगी। उन्होंने चिप्स विक्रेताओं को अत्यधिक रंग वाले चिप्स न बेचने की चेतावनी दी। इस दौरान खाद्य सुरक्षा अधिकारी लालकुआं प्रकाश फुलारा भी साथ थे।