हल्द्वानी। छठ पूजा स्थल पर इस बार वेदियों की संख्या बढ़कर 23 हो गई है। पिछले साल तक 21 वेदियां थीं। इन्हीं वेदियों पर चार दिन तक पूजा होती है। धार्मिक मान्यता के अनुसार मन्नत पूरी होने पर लोग नई वेदी का निर्माण कराते हैं और उसके बाद उसमें भी पूजन होता है। ज्योतिषियों के अनुसार इस बार पहले दिन अनुराधा नक्षत्र और शोभन योग बनने से पर्व विशेष रूप से फलदायी रहेगा।
25 से 28 अक्तूबर तक होने वाले महापर्व के लिए रामपुर रोड स्थित छठ पूजा स्थल पर नहर की सफाई शुरू हो गई है। नगर निगम ने यहां दो लोगों को डयूटी पर लगाया है। 27 अक्तूबर को अस्ताचलगामी और 28 अक्तूबर को उदयाचलगामी सूर्य को अर्घ्य देने के लिए यहां भक्तों की भीड़ रहेगी।
छठ सेवा समिति के महामंत्री मुरारी प्रसाद श्रीवास्तव ने बताया तैयारियां चल रही हैं। छठ स्थल पर भी सफाई, रंग रोगन आदि का काम लगभग हो चुका है। विद्युत प्रकाश की व्यवस्था भी हो चुकी है। 25 अक्तूबर को नहाय-खाय के साथ पर्व की शुरुआत होगी। 26 अक्तूबर को खरना होगा और इसी दिन 36 घंटे का निर्जला व्रत भी शुरू होगा। 27 और 28 अक्तूबर को नहर में खड़े होकर सूर्य को अर्घ्य दिया जाएगा।
छठ पूजा की तैयारियों में जुटीं महिलाएं
हल्द्वानी। पूर्वांचल समाज की आस्था का महापर्व छठ के नजदीक आते ही महिलाएं तैयारियों में जुट गई हैं। बृहस्पतिवार को महिलाओं ने डालना, सूप, गन्ना, नारियल, सिंदूर, फल सहित अन्य सामग्री की खरीदारी की। महिलाओं का कहना है कि छठ मैया की पूजा से घर में सुख-समृद्धि आती है और बच्चों को दीर्घायु का आशीर्वाद मिलता है इसलिए तैयारियों में कोई कमी नहीं छोड़ी जाती। चंदा देवी ने बताया कि पूरा परिवार इस पर्व को लेकर बेहद उत्साहित है। अनीता देवी ने कहा छठ पूजा के लिए हम अपने हाथों से ठेकुआ का प्रसाद बनाते हैं। संवाद