नैनीताल। नैनीझील के संवर्धन के लिए हाईकोर्ट से मिले आदेश के बाद जिला प्रशासन हरकत में आ गया है। डीएम के निर्देश के बाद 6 विभागों के अधिकारियों के नेतृत्व में एक टीम गठित की गई है, इस टीम ने शनिवार को नगर स्थित नालों से जल निकासी और सीवर लाइनों में हो रहे ओवरफ्लो का सर्वे कर कारणों की तलाश की। वहीं, रिपोर्ट डीएम को सौंपने की तैयारी की जा रही है।
हाईकोर्ट ने बारिश का पानी किसी भी हाल में सीवर में नहीं जाने देने के आदेश पिछले दिनों दिए थे। इसके बाद डीएम विनोद कुमार सुमन ने 6 विभागों के अधिकारियों को मिलाकर संयुक्त टीम गठित करने के निर्देश दिए। शनिवार सुबह जिला विकास प्राधिकरण, जल संस्थान, जल निगम, सिंचाई विभाग, लोनिवि और नगर पालिका के अधिकारियों ने नगर पालिका में बैठक की। इसमें मंथन के बाद टीम ने सर्वे किया। पालिका के अधिशासी अधिकारी रोहिताश शर्मा ने बताया कि संयुक्त टीम द्वारा ने सर्वे किया है, इसकी रिपोर्ट जल्द ही डीएम को भेजी जाएगी। बैठक में पालिका अधिशासी अधिकारी शर्मा, जल संस्थान के अधिशासी अभियंता संतोष उपाध्याय, लोनिवि के अधिशासी अभियंता डीएस बसनाल, अधिशासी अभियंता सिंचाई विभाग एचसी सिंह, जिला प्राधिकरण के परियोजना अभियंता सीएम साह, गोविंद सिंह जनोटी, डीडी सती, रवींद्र पाठक, डीएस बिष्ट, भाष्कर चंद्र सुयाल आदि थे।
नालों से जल निकासी, सीवर लाइनों के ओवरफ्लो के कारण तलाशे
नैनीझील के संवर्धन के लिए हाईकोर्ट के आदेश के बाद जिला प्रशासन हरकत में
छह विभाग के अधिकारियों की टीम ने किया सर्वे