हल्द्वानी। लालकुआं रोड पर तेल डिपो के पास गौला कॉरिडोर पर वन्यजीवों की आवाजाही के लिए अंडर पास बनाने की योजना अटक गई है। नेशनल हाईवे अथॉरिटी ऑफ इंडिया (एनएचएआई) ने अंडर पास का प्रस्ताव राष्ट्रीय राजमार्ग एवं भूतल परिवहन मंत्रालय को भेजने की औपचारिकता के बाद फोरलेन बनाने का काम भी शुरू कर दिया है। नगला और पंतनगर में भी तीन अंडर पास बनाने का काम भी शुरू नहीं हो सका है।
रामपुर से काठगोदाम फोरलैन बनाने की योजना पर काम चल रहा है। इसमें वन्यजीवों की आवाजाही के मद्देनजर पंतनगर, नगला में तीन, लालकुआं में तेल डिपो के पास दो अंडरपास बनाने की योजना थी। लालकुआं तेल डिपो के पास एनएचएआई ने अंडर पास बनाने का प्रस्ताव केवल एनएच मंत्रालय को भेजा है, इस पर मंत्रालय को फैसला लेना है। फिलहाल, एनएचएआई ने फोरलेन का काम शुरू कर दिया है। पंतनगर, दवाई फार्मा नगला जहां पर हाथी समेत अन्य वन्यजीवों का सबसे ज्यादा आवाजाही होने की बात कही जाती है, वहां 30 मीटर चौड़े, छह मीटर ऊंचे तीन अंडरपास का काम भी फिलहाल शुरू नहीं हो सका है। एनएचएआई ने तकनीकी दिक्कतों का हवाला देते हुए काम न करने की बात कह रहा है। एनएचएआई के प्रोजेक्ट मैनेजर संदीप कार्की ने बताया कि तेल डिपो के पास पहले से ही रोड थी। वहां पर सड़क निर्माण किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि अंडर पास का प्रस्ताव भारत सरकार को भेजा गया है। प्रस्ताव स्वीकृत होने के बाद तेल डिपो में हाथियों के लिए अंडर पास बनाए जाएंगे।
हाथी कॉरिडोर : लालकुआं में अंडर पास की योजना अटकी
एनएचएआई ने फोरलेन हाइवे पर काम किया शुरू
वन विभाग की आपत्ति के बाद पूर्व में रोका गया था काम