रानीखेत (अल्मोड़ा)। कुमाऊं वन श्रमिक संघ रानीखेत शाखा की बैठक में विभिन्न मुद्दों पर चर्चा हुई। कहा कि शासन और सरकार के नुमाइंदे दैनिक वेतन भोगी वन श्रमिकों की उपेक्षा कर रहे हैं। वर्षों से वह लोग अल्प वेतन पर कार्य कर रहे हैं। विभागीय अधिकारियों का रवैया भी श्रमिकों के प्रति ठीक नहीं रहता। सरकार भी अनदेखी कर रही है। वह लोग लोक सभा चुनाव का बहिष्कार करेंगे।
यहां हुई बैठक में श्रमिकों ने कहा कि लंबे समय से वह लोग अल्प वेतन पर गुजारा कर रहे हैं। इस संबंध में कई बार आंदोलन किए गए, लेकिन मांग आज तक पूरी नहीं हुई है। इस मांग को लेकर शासन और प्रशासन के अधिकारियों को अवगत कराया गया, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। सातवें वेतन आयोग के लाभ से वह लोग वंचित रखे गए हैं। लगातार श्रमिकों के हितों की अनदेखी की जा रही है। अब वह लोग आर पार की लड़ाई लड़ेंगे।
जनवरी माह में सचिवालय घेराव भी किया जाएगा। इस संबंध में 23 दिसंबर को अल्मोड़ा में संघ की बैठक होगी। सभी से बैठक में भाग लेने की अपील की गई। कहा कि फिर भी मांग पूरी नहीं हुई तो लोकसभा चुनाव का बहिष्कार किया जाएगा। बैठक में सभी श्रमिकों से एकजुट होकर हक की लड़ाई लड़ने का आह्वान किया गया। बैठक में संघ के तमाम पदाधिकारी और सदस्य मौजूद थेे।