हल्द्वानी। ल्वाड़-डोबा-गोनियारौ में लंबे समय से चल रही मोबाइल टॉवर की मांग अब जल्द पूरी हो जाएगी। उत्तराखंड शासन ने तीन सौ वर्ग मीटर जमीन भारत संचार निगम लिमिटेड को 90 वर्ष के लिए लीज पर दे दी है।
यहां मोबाइल टॉवर न होने की वजह से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ता था। बीमार मरीज को अस्पताल तक पहुंचाने के लिए 108 एंबुलेंस बुलाने के लिए लोग फोन नहीं कर पाते थे। मरीज को लेकर काफी दूर तक पैदल आना पड़ता था। भारत संचार निगम लिमिटेड ने टॉवर लगाने के लिए शासन से निशुल्क जमीन मुहैया कराने को कहा था। निगम ने टॉवर, उपकरण और मशीन सब तैयार कर लिया था बस जमीन मिलने का इंतजार था। शासन ने तीन सौ वर्ग मीटर जमीन टॉवर के लिए स्वीकृत कर दी है। निगम के महाप्रबंधक राणा अशोक कुमार ने बताया कि टॉवर लगाने का काम जल्द ही शुरू कर दिया जाएगा। टॉवर लगाने में लगभग एक करोड़ रुपये की लागत आएगी। कहा कि बीटीएस को भी अपग्रेड किया जाएगा। बताया कि तीन से चार किलोमीटर तक बसे गांवों तक नेटवर्क मिलेगा। लगभग डेढ़ से दो हजार उपभोक्ता मोबाइल का प्रयोग कर सकेंगे। दूसरी ओर सांसद भगत सिंह कोश्यारी ने टॉवर निर्माण के लिए अगले 15 दिनों में शिलान्यास कराने को कहा है।