हल्द्वानी। श्री बालाजी मंदिर समिति रूपनगर की ओर से हनुमान जयंती के अवसर पर नगर में भव्य शोभायात्रा निकाली गई। इसमें हनुमानजी के पंचमुखी रूप, भव्य राम दरबार व आकर्षक झांकियां आकर्षण का केंद्र रहीं। राम नाम के उद्घोष के साथ निकली शोभायात्रा से पूरा शहर भक्तिमय हो गया।
शोभायात्रा बरेली रोड स्थित लक्ष्मी शिशु मंदिर से शुरू हुई जो कालाढूंगी चौराहा, मुखानी चौराहा होते हुए बालाजी मंदिर रूपनगर पहुंचकर संपन्न हुई। इस दौरान शोभायात्रा में शामिल लोगों ने भगवान हनुमान को लड्डओं का भोग सहित मीठा पान, सिंदूर व बूंदी का प्रसाद चढ़ाया। कार्यक्रम के आयोजक मंदिर समिति के व्यवस्थापक पूरन चंद्र पाठक ने बताया कि शनिवार को दोपहर 12 बजे विशाल भंडारे का आयोजन किया जाएगा। वहीं शाम सात बजे से विशाल बालाजी दरबार लगाया जाएगा। इस दौरान ध्वज पूजन में नेता प्रतिपक्ष डा. इंदिरा हृदयेश, विधायक बंशीधर भगत, खीमानंद बृजवासी, पूरन जोशी, रोमी अरोरा, अतुल गुप्ता, कमल जोशी, नंदन सिंह नेगी, जीवन, संजय पाठक आदि थे।