एमबीपीजी कालेज में दो दिनी पासपोर्ट शिविर का शुभारंभ शनिवार को वित्त मंत्री डा. इंदिरा हृदयेश ने किया। शिविर में पहले दिन 215 लोगों के आवेदन स्वीकार कर पासपोर्ट के लिए जरूरी औपचारिकताएं पूरी की गईं। शिविर रविवार को भी चलेगा।
क्षेत्रीय पासपोर्ट अधिकारी वीएस पांडे ने बताया कि 24 जनवरी के लिए 150 लोगों के आवेदन ऑनलाइन खोले गए थे। लेकिन ज्यादा संख्या में लोगों के आने के चलते 215 की औपचारिकताएं पूरी की गईं। इनमें कई बूढ़े और नाबालिग थे। इसके अलावा कई ऐसे लोग थे, जिन्हें हज के लिए पासपोर्ट की जरूरत थी।
कई और लोगों को नौकरी या अन्य जरूरी कामों के सिलसिले में जल्द पासपोर्ट की जरूरत थी। इसे देखते हुए 215 आवेदन स्वीकार किए गए, जो ऑनलाइन फीस भर चुके थे। उन्होंने बताया कि अप्रैल 2015 से दिसंबर 2015 तक राज्य भर में नौ और ऐसे शिविर लगाए जाने हैं।
इनमें से कुमाऊं के हर जिले में हर माह एक शिविर लगेगा। शिविर में प्रधानाचार्य डा. बीसी मेलकानी, अध्यक्ष मंडी समिति सुमित हृदयेश, नीरज सनवाल, केदार पलड़िया, हरीश पलड़िया, मयंक भट्ट, राहुल छिमवाल, हेमंत बगड्वाल, केडी परगाई, सिटी मजिस्ट्रेट आरडी पालीवाल, एसडीएम पंकज उपाध्याय आदि थे।