भीमताल (नैनीताल)। ओखलकांडा ब्लॉक के नौला और सीम गांव भी जल्द ही सड़क से जुड़ जाएंगे। विधायक राम सिंह कैड़ा के प्रयासों के बाद ओखलकांडा के मल्लाधार से नौला सीम तक दो किमी लंबी सड़क निर्माण के लिए पहाड़ी का कटान कार्य शुरू हो गया है। मल्लाधार, नौला, सीम आदि गांव सड़क से दूर हैं। लोगों को सड़क तक पहुंचने के लिए करीब दो किमी पैदल चलना होता था। ग्रामीण इन गांवों को सड़क से जोड़ने की मांग कर रहे थे लेकिन उनकी कहीं कोई सुनवाई नहीं हो रही थी। इसलिए ग्रामीणों ने विधायक कैड़ा को ज्ञापन सौंपा तो विधायक कैड़ा ने विभागीय अधिकारियों से वार्ता कर दो किमी रोड स्वीकृत करा दी। शनिवार से उक्त सड़क निर्माण के लिए पहाड़ी के कटान का काम जेसीबी से शुरू करा दिया गया है। ओखलकांडा मल्ला के सामाजिक कार्यकर्ता दीपक बर्गली, ओमी नैनवाल, कमल बर्गली कन्नू, हरेंद्र बर्गली आदि ने विधायक की इस पहल का स्वागत किया। उम्मीद जताई है कि सड़क निर्माण कार्य जल्द पूरा होगा। अन्य ग्रामीणों ने भी खुशी जताई है।