दावे नहीं, नालों की सफाई कराओ
हल्द्वानी। वार्ड नंबर 14 के लोगों ने नाले-नालियों की सफाई कराने की मांग को लेकर नगर मजिस्ट्रेट और नगर निगम कार्यालय में प्रदर्शन किया। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि दो दिन में नाले की सफाई नहीं हुई तो निगम कार्यालय में तालाबंदी की जाएगी। इसके बाद उन्होंने सिटी मजिस्ट्रेट और स्वास्थ्य अधिकारी को ज्ञापन सौंपा।
बृहस्पतिवार को इंदिरा नगर पश्चिमी वार्ड नंबर 14 के कई लोग पूर्व सभासद शकील अहमद सलमानी के नेतृत्व में नगर मजिस्ट्रेट कार्यालय पहुंचे और नगर मजिस्ट्रेट के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। बाद में नगर मजिस्ट्रेट को ज्ञापन सौंपते हुए कहा कि नगर निगम नालों की सफाई के दावे कर रहा है, लेकिन नालों की सफाई अभी तक नहीं हुई है। बुधवार को हल्की बारिश से गंदा पानी लोगों के घरों में घुस गया। पानी से सड़कों में आई गंदगी से लोगों का बाहर निकलना मुश्किल हो रहा है।
इसके बाद लोग नगर निगम कार्यालय पहुंचे और यहां नगर स्वास्थ्य अधिकारी के खिलाफ नारेबाजी की। इसके बाद उन्होंने नगर स्वास्थ्य अधिकारी को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन देने वालों में मो. राशिद, सलीम खानी, सलीम खान, शहनवाज, मो. सादिक, रईश मियां आदि थे।