पीरूमदारा (नैनीताल)। ट्रेन से कटकर मजदूर की मृत्यु हो गई और उसका शव रातभर रेलवे ट्रैक पर पड़ा रहा है। इस दौरान आठ ट्रेनें उसके ऊपर से गुजर गईं, लेकिन किसी ने ध्यान नहीं दिया। सुबह गैंगमैन ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
जिला गया बिहार के ग्राम डाजिला बाकेबाजार निवासी रामस्वरूप उर्फ राजकुमार (37) यहां ग्राम बसई स्थित अरोरा प्लाइवुड फैक्ट्री में काम करता था। बृहस्पतिवार रात करीब आठ बजे फैक्ट्री के पीछे उसकी ट्रेन से कटकर मौत हो गई थी। रातभर उसका शव रेलवे ट्रैक पर पड़ा रहा, लेकिन किसी ने ध्यान नहीं दिया। शुक्रवार सुबह आठ बजे गैंगमैन ने पुलिस को सूचना दी। इस दौरान रात आठ बजे से सुबह आठ बजे तक ट्रैक से छह पैसेंजर ट्रेनों समेत दिल्ली की संपर्क क्रांति और जैसलमेर एक्सप्रेस भी गुजरी। इस कारण उसका शव क्षत विक्षत हो गया। पीरूमदारा चौकी प्रभारी कविंद्र शर्मा ने बताया कि शिनाख्त होने पर उसके परिजनों को भी सूचित किया गया है। शव पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी भेजा गया है।
शव के ऊपर से गुजर गई आठ ट्रेनें
रातभर किसी ने नहीं दिया ध्यान
सुबह गैंगमैन ने दी पुलिस को सूचना