हल्द्वानी। राज्य से 2019 राष्ट्रीय खेलों की मेजबानी हाथ से जाने की कसक सरकार को है। राज्य को राष्ट्रीय खेलों की मेजबानी दिलाने की तैयारी में शासन और प्रशासन अभी से जुट गया है। इसके लिए रुद्रपुर में खेल गांव बसाने की तैयारी शुरू हो गई है। रुद्रपुर स्पोर्ट्स स्टेडियम के पास ही खेल गांव बनाया जाएगा। इसके लिए ऊधमसिंह नगर जिला प्रशासन ने स्टेडियम से सटी करीब छह एकड़ जमीन की पैमाइश कर ली है। जिला प्रशासन इसका प्रस्ताव तैयार करा रहा है। यह प्रदेश का पहला खेल गांव होगा।
राज्य में 2019 में राष्ट्रीय खेलों की मेजबानी मिलने की पूरी संभावना थी लेकिन अधूरी तैयारियों के कारण राष्ट्रीय खेलों की मेजबानी गोवा को दे दी गई। अब 2020 में होने वाले राष्ट्रीय खेलों को ध्यान में रखकर तैयारियां शुरू हो गईं हैं। इसके लिए रुद्रपुर में खेल गांव बनाने कवायद शुरू हो गई है। खेल गांव के लिए जिला प्रशासन ने रुद्रपुर स्पोर्ट्स स्टेडियम से सटी छह एकड़ जमीन की पैमाइश कराई है। इस जमीन का निरीक्षण मुख्य सचिव उत्पल कुमार सिंह और खेल सचिव भूपिंदर कौर औलख ने भी कर लिया है। अधिकारियों ने खेल गांव बनाने के लिए प्रशासन को प्रस्ताव तैयार कर भेजने को कहा है।
रुद्रपुर में खेल गांव बनाने की तैयारी
जिला प्रशासन तैयार कर रहा प्रस्ताव, मुख्य सचिव और खेल सचिव ने निरीक्षण कर दी है सहमति
06 एकड़ जमीन की पैमाइश की गई है स्टेडियम के पास
खेल गांव में यह बनेगा
खेल गांव में इंटरनेशनल मानक का मल्टीपरपज हॉल बनेगा। इसमें वॉलीबाल, हैंडबाल, बास्केटबाल कोर्ट रहेगा। तैराकी स्पर्धा के लिए स्वीमिंग पूल, हॉकी मैदान में एस्टोटर्फ बिछाया जाएगा। स्टेडियम के एथलेटिक्स ट्रैक पर सिंथेटिक ट्रैक बिछाया जाएगा। स्टेडियम में लाइटिंग भी कराई जाएगी।
राष्ट्रीय खेलों को ध्यान में रखकर अंतरराष्ट्रीय मानकों का खेल गांव बनाने की तैयारी चल रही है। इसके लिए भूमि का चयन करने के साथ प्रस्ताव तैयार किया जा रहा है। खेल गांव का प्रस्ताव शासन को जल्द भेजा जाएगा। -नीरज खैरवाल, डीएम, ऊधमसिंह नगर