हल्द्वानी। नवाबी रोड स्थित कुल्यालपुरा लाइन नंबर एक और जय दुर्गा कॉलोनी में सीवरयुक्त पेयजल आपूर्ति की शिकायत मिलने पर जलसंस्थान की टीम हरकत में आ गई है। इस टीम ने बृहस्पतिवार को इस समस्या से निजात दिलाने को काम शुरू कर दिया है। पुरानी पेयजल लाइन को ब्लॉक कर नई पेयजल लाइन से उपभोक्ताओं को पेयजल सप्लाई की जाएगी।
जलसंस्थान और जल निगम की टीम ने बृहस्पतिवार को मुख्य पेयजल लाइन से कॉलोनी की पेयजल लाइन को ब्लॉक कर दिया। फौरी राहत के तौर पर अमृत योजना के तहत डाली गई पेयजल लाइन से मुख्य लाइन को जोड़ा गया है। उपभोक्ताओं को नई पेयजल लाइन से कनेक्शन दिए जाएंगे। शुक्रवार को अस्थायी तौर पर स्टेंडपोस्ट के माध्यम से क्षेत्रवासियों को पेयजल आपूर्ति की जाएगी। कुल्यालपुरा लाइन नंबर एक और जय दुर्गा कॉलोनी के लोग कई दिनों से सीवरयुक्त पेयजल पीने से संक्रामक रोगों की चपेट में आ रहे थे। क्षेत्रवासियों की शिकायत के बाद जलसंस्थान के अधिकारियों की नींद टूटी।
कुल्यालपुरावासियों को सीवरयुक्त पेयजल से मिलेगी मुक्ति
पुरानी लीकेज पेयजल लाइन को जलसंस्थान किया ब्लॉक, नई लाइन से दिए जाएंगे कनेक्शन
शुक्रवार को लाइन नंबर एक में अमृत योजना के तहत डाली गई पेयजल लाइन को जगदंबानगर ओवरहेड टैंक से जोड़ा जाएगा। इसके बाद पूरी पेयजल लाइन की सफाई की जाएगी। शुक्रवार से प्रभावित क्षेत्र में नए पेयजल कनेक्शन देने की कार्रवाई की जाएगी।
- एनसी आर्या, अपर सहायक अभियंता, जल निगम