हल्द्वानी। माह के पहले मंगलवार को लगने वाले तहसील दिवस में विभिन्न विभागों के अधिकारी फरियादियों का इंतजार करते रहे लेकिन तीन घंटे तक एक भी फरियादी नहीं पहुंचा। बाद में दो फरियादियों ने अपनी समस्याएं दर्ज कराई।
तहसील परिसर में आयोजित तहसील दिवस में मंगलवार की सुबह दस बजे तहसीलदार समेत विभिन्न विभागों के 12 अधिकारी अपने विभाग की सूचनाओं के साथ पहुंच गए थे। उक्त अधिकारी दोपहर एक बजे तक फरियादियों का इंतजार करते रहे लेकिन एक भी फरियादी नहीं पहुंचा तो अधिकारी आपस में बतियाते रहे। डेढ़ बजे के करीब नगर निगम की नवनिर्वाचित पार्षद फईम जेबा सलमानी अपने पति, पूर्व सभासद शकील अहमद सलमानी के साथ पहुंची। उन्होंने वार्ड-32 में पात्र परिवारों के आयुष्मान कार्ड बनवाने, ट्रंचिंग मैदान में सफाई, जरूरतमंदों को विधवा पेंशन दिलाने, बेस अस्पताल में डॉक्टरों की कमी को दूर करने की मांग की। इसी बीच कांग्रेसी नेता हेमंत साहू भी तहसील दिवस में पहुंच गए। उन्होंने राजपुरा में 389 मीटर सीवर लाईन निर्माण, बीपीएल कार्ड बनाने के लिए सर्वे कराने, पूर्व में दर्ज शिकायतों को हल कराने की मांग की। कुछ देर इंतजार के बाद जब कोई फरियादी नहीं आया तो तहसीलदार समेत सभी अधिकारी चले गए।
4 घंटे, 12 अधिकारी और सिर्फ दो फरियादी
समाधान न होने से तहसील दिवस से लोगों का मोहभंग
ये अधिकारी रहे मौजूद-
तहसीलदार पीआर आर्या, खाद्य विभाग के क्षेत्रीय खाद्य अधिकारी बीसी जोशी, उद्यान विभाग की दीप्ति बिष्ट, नगर निगम की कर अधीक्षक पूजा, लोनिवि के एई पंकज राव, मोहन सिंह, कृषि विभाग के अफरोज अहमद, उद्योग विभाग के सहायक प्रबंधक ओपी भट्ट, जलसंस्थान के एई पीसी पांडे, नीरज तिवारी, सीडीपीओ (शहर) चंपा कोठारी, सीडीपीओ (ग्रामीण) डॉ. रेनू मर्तोलिया आदि थे।