रानीखेत (अल्मोड़ा)। राजपुरा में जिला स्तरीय मनपसंद फुटबाल प्रतियोगिता शुरू हो गई है। उद्घाटन करते हुए विधायक करन माहरा ने खिलाड़ियों से खेल भावना और अनुशासन के बल पर आगे बढ़ने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि खेलों के माध्यम से भी युवा कॅरियर संवार सकते हैं। उद्घाटन मुकाबले में किलर एफसी की टीम विजेता रही।
मालूम हो कि रानीखेत में खेल मैदान नहीं होने के कारण राजपुरा के छोटे से मैदान में प्रतियोगिताएं आयोजित की जा रही हैं। इस मैदान को खिलाड़ियों ने श्रमदान के माध्यम से खेलने योग्य बनाया हुआ है। इधर जिला स्तरीय फुटबाल प्रतियोगिता का उद्घाटन विधायक करन माहरा ने किया। उन्होंने कहा कि खेल स्टेडियम को पूर्ववर्ती हरीश रावत सरकार में मंजूरी मिली थी, लेकिन चयनित स्थल पर पेड़ अधिक दर्शा दिए गए, मामला भारत सरकार में लंबित पड़ा हुआ है। इस मामले को उन्होंने विधानसभा में भी उठाया है।
पहला मुकाबला आर्मी-18 और किलर एफसी की टीमों के बीच खेला गया, जिसमें किलर एफसी की टीम विजेता रही। कोच मो. इदरीश बाबा ने अतिथियों का आभार जताया। इस अवसर पर व्यापार मंडल के पूर्व अध्यक्ष यतीश रौतेला सहित तमाम लोग मौजूद थेे।