हल्द्वानी। शाम को आई आंधी और बारिश ने ग्रामीण समेत नगरीय क्षेत्र की बिजली गुल कर दी। लाइनों पर पेड़ों की टहनी गिरने के कारण बिजली आपूर्ति घंटों बाधित रही।
शुक्रवार शाम लगभग चार बजे आंधी के साथ ही बारिश होने लगी। तेज हवाओं के साथ हो रही बारिश के कारण सुरक्षा के लिहाज से बिजली आपूर्ति बंद कर दी गई। आंधी और बारिश थमने के बाद फतेहपुर बसानी, कमलुवागांाजा, लामाचौड़, रामपुर रोड, आजाद नगर क्षेत्र में बिजली आपूर्ति बाधित रही। जबकि टीपी नगर उपकेंद्र से जुड़े देवलचौड़ और बेलबाबा फीडर में भी बिजली गुल रही। एसडीओ कमलुवागांजा आनंद सिंह खाती ने बताया कि लामाचौड़, फतेहपुर और आरटीओ रोड पर लाइनों पर पेड़ और पेड़ों की टहनी गिरने से बिजली आपूर्ति बाधित हुई थी। एसडीओ टीपी नगर एचडी पुनेठा ने बताया कि बेलबाबा और देवलचौड़ फीडर भी लाइनों पर टहनी गिरने से बाधित हुए थे। एसडीओ कालाढूंगी केके पंत ने बताया कि आजाद नगर और रामपुर रोड पर लाइनों पर टहनी गिरने के कारण बिजली आपूर्ति बाधित हुई। बिजली आपूर्ति शाम साढ़े चार बजे से साढ़े सात बजे तक बाधित रही।