गरमपानी (नैनीताल)। भवाली-अल्मोड़ा राष्ट्रीय राजमार्ग के किनारे स्थित जवाहर नवोदय विद्यालय सुयालबाड़ी-गंगरकोट में बृहस्पतिवार से दो दिवसीय संकुल स्तरीय टेबल टेनिस प्रतियोगिता शुरू हो गई है। विद्यालय के प्रधानाचार्य राज सिंह ने टीटी प्रतियोगिता का शुभारंभ किया। प्रतियोगिता में कुमाऊं के नैनीताल समेत छह जिलों के सभी नवोदय विद्यालयों के 51 प्रतिभागी भाग ले रहे हैं। बृहस्पतिवार को विभिन्न टीमों के बीच लीग चरण के मैच खेले गए। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि टेबल टेनिस कोच मदन ठाकुर, हीरा सिंह जीना, केसर अली, सत्येंद्र भाटी, पप्पल चौधरी, धीरेंद्र कुमार सक्सेना, संजीव तिवारी, सुदीप मंमगई, गीता बोरा, स्वाति आदि थे।