हल्द्वानी। वित्त मंत्री प्रकाश पंत के आदेश के बाद भी ऑडिट विभाग में ज्येष्ठ लेखा परीक्षकों की समस्याओं का समाधान नहीं हुआ। इस कारण वर्षों से पदोन्नति की बाट जोह रहे कई ज्येष्ठ लेखा परीक्षक सेवानिवृत्ति होने को हैं। उत्तराखंड कार्मिक एकता मंच के मुख्य संयोजक रमेश पांडे ने बताया कि ऑडिट विभाग में 11 ज्येष्ठ लेखा परीक्षक कार्यरत हैं। इनकी पदोन्नति की मांग को लेकर पिछले साल सात जुलाई को, इस साल 10 फरवरी को वित्त मंत्री प्रकाश पंत को ज्ञापन दिया गया। वित्त मंत्री ने प्रमुख सचिव और अपर सचिव (वित्त) को मामले में आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए थे। पांडे ने बताया कि 22 जून 2015 को जारी शासनादेश में विभाग का नवीन ढांचा स्वीकृत होने पर ही पदोन्नति लाभ देने की बात कही थी। अप्रैल 2016 में विभाग का नया ढांचा भी बनकर पिछले साल अप्रैल में सेवा नियमावली भी प्रख्यापित हो गई। इसके बाद भी कर्मियों को पदोन्नति नहीं मिली जबकि उच्च न्यायालय ने भी आठ दिसंबर 2016 को 12 हफ्ते के भीतर विद्यमान नियम (ओल्ड रूल्स) के आधार पर पदोन्नति के आदेश दिए थे लेकिन इसके बाद भी कोई कार्रवाई नहीं हुई।