हल्द्वानी। प्रदेश के अर्ध शहरी क्षेत्रों में पेयजल व्यवस्था को सुदृढ़ करने के लिए सरकार ने एशियन डेवलपमेंट बैंक (एडीबी) के साथ करार किया है। जल्द ही योजना को अमलीजामा पहनाया जाएगा। अर्ध शहरी क्षेत्रों में कुमाऊं में अल्मोड़ा के अलावा नैनीताल का हल्द्वानी शहर भी शामिल है। हल्द्वानी के दमुवाढूंगा, पनियाली, तल्ली हल्द्वानी, गौजाजाली, बमौरी, मुखानी, कुसुमखेड़ा में नई पेयजल लाइनें बिछाई जाएंगी।
प्रदेश में नगर निकायों का परिसीमन किया गया है। कई अर्ध शहरी क्षेत्र नए परिसीमन में निकायों में शामिल हो गए हैं। इन क्षेत्रों में अब शहरी मानकों के तहत पेयजल वितरण व्यवस्था की जानी है। मौजूदा वितरण व्यवस्था के तहत अर्ध शहरी क्षेत्रों में भी ग्रामीण मानकों के तहत पेयजल वितरित किया जा रहा है। अर्ध शहरी क्षेत्रों को भी शहरी मानकों के तहत पेयजल वितरित किया जाना है। इसके लिए सरकार ने प्रदेश के 35 शहरों के अर्ध शहरी क्षेत्रों की पेयजल व्यवस्था के सुधारीकरण का प्रस्ताव एडीबी को भेजा। एडीबी ने प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है। योजना के लिए प्रदेश सरकार को एडीबी से 1200 करोड़ रुपए दिए गए हैं।
एडीबी से इसके लिए 1200 करोड़ रुपये स्वीकृत हुए हैं। इस प्रस्ताव पर 22 जनवरी को एडीबी के साथ करार (एमओयू) कर लिया गया है। जल्द ही अर्ध शहरी क्षेत्रों की पेयजल योजना पर काम शुरू कर दिया जाएगा।
- प्रकाश पंत, वित्त और पेयजल मंत्री।