नैनीताल। लंबे समय के अंतराल के बाद आखिरकार नैनीताल में मौसम ने मेहरबानी दिखा ही दी। नगर में शाम के वक्त ओलों के साथ हिमकण भी गिरे, उसके बाद बारिश शुरू हो गई। मौसम के बदले मिजाज की वजह से संभावना जताई जा रही है कि नगर में जल्द ही मौसम का पहला हिमपात हो सकता है।
नगर में बीती देर रात जमकर पाला गिरा हुआ था। इसकी वजह से मंगलवार की सुबह से ही ठंड बढ़ गई थी। सुबह से लेकर दोपहर एक बजे तक धूप खिले रहने से मौसम सामान्य बना रहा लेकिन एक बजे बाद मौसम ने करवट बदलनी शुरु कर दी। देखते ही देखते आसमान में घने बादल घिर आए। शाम को चार बजे से नगर घने कोहरे के आगोश में समा गया। इस दौरान जहां सवा चार बजे एक ओर मल्लीताल क्षेत्र में ओलावृष्टि व हिमकण गिरने के साथ बारिश शुरू हो गई वहीं तल्लीताल क्षेत्र में केवल हल्की बारिश ही हुई। उसके बाद से लगातार हल्की बारिश व हल्के ओले गिरने का क्रम जारी रहा। मौसम विज्ञान केंद्र के प्रभारी प्रताप सिंह बिष्ट ने बताया कि अधिकतम तापमान 13 और न्यूनतम तापमान 4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
सुबह चटक धूप, शाम को बरसे मेघ
पर्वतीय क्षेत्रों में हल्की बारिश या बर्फबारी की संभावना
हल्द्वानी। सुबह चटक धूप खिली तो शाम को मौसम का मिजाज बदल गया और मेघ बरसे। हालांकि अधिकतम तापमान सामान्य से अधिक रहा। राज्य मौसम विज्ञान केंद्र ने पर्वतीय क्षेत्रों में हल्की बारिश या बर्फबारी की संभावना जताई है।
मंगलवार को सुबह चटक धूप खिली हुई थी। धूप के कारण गर्मी का एहसास हो रहा था। दोपहर बाद मौसम ने अचानक करवट बदली और हल्की हवा चलने लगी। शाम को बादलों ने आसमान पर डेरा डाल दिया और सर्द हवाओं ने हल्की ठंड का एहसास कराया। शाम को हल्की बारिश ने कुछ राहत दी। मंगलवार को अधिकतम तापमान 24.0 और न्यूनतम तापमान 4.6 डिग्री सेल्सियस रहा। अधिकतम तापमान सामान्य से चार डिग्री अधिक और न्यूनतम तापमान सामान्य रहा। राज्य मौसम विज्ञान केंद्र ने तीन हजार मीटर से अधिक ऊंचाई वाले स्थानों में बर्फबारी की संभावना जताई है। जबकि पिथौरागढ़, चमोली एवं उत्तरकाशी में हल्की बारिश या बर्फ पड़ सकती है।
आज बंद रहेंगे स्कूल और आंगनबाड़ी केंद्र
नैनीताल। मौसम विभाग के आगामी 24 घंटों में अतिवृष्टि के अलर्ट को देखते हुए डीएम दीपेन्द्र कुमार चौधरी ने 24 जनवरी को नैनीताल जिले के सभी सरकारी और गैर सरकारी स्कूलों में अवकाश घोषित कर दिया है। चौधरी ने बताया कि मौसम विभाग ने प्रदेश के पर्वतीय क्षेत्रों में भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। इसी को ध्यान में रखते हुये जिले के सभी सरकारी गैर सरकारी स्कूलों के अलावा सभी आंगनबाड़ी केंद्र बुधवार को बंद रहेंगे। बताया कि यदि मौसम विभाग द्वारा अलर्ट के भविष्य के लिए यथावत रखा जाता है तो स्कूल बंदी की तिथि आगे बढ़ाई जा सकती है।