रानीखेत (अल्मोड़ा)। पूर्व में हुईं तमाम घटनाओं से विद्युत विभाग सबक नहीं ले रहा है। मंगलवार की देर रात यहां सुभाष चौक पर विद्युत तार में शार्ट सर्किट के चलते अफरा-तफरी मच गई। शार्ट सर्किट से तार टूटकर गिर गया, गनीमत यह रही कि उस वक्त सड़क से कोई वाहन अथवा लोग नहीं गुजर रहे थे, अलबत्ता बड़ा हादसा हो सकता था।
लोगों ने विद्युत विभाग की कार्यप्रणाली पर नाराजगी जताई है। लोगों का कहना है कि आधा घंटे तक टूटे तार में स्पार्किंग होती रही, लेकिन अधिकारियों ने फोन तक नहीं उठाया। मालूम हो कि बिजली के तारों के टूटने की कई घटनाएं पहले भी हो चुकी हैं, लगभग तीन माह पूर्व सल्ट क्षेत्र में हाई टेंशन लाइन बस के ऊपर गिर गई थी, जिसमें दो लोगों की मौत हो गई थी। कुछ माह पूर्व यहां थापला में विद्युत तार की चपेट में आने से एक गाय की मौत गई थी।
क्षेत्र में कई स्थानों पर हाई टेंशन लाइनें दुर्घटनाओं का सबब बनी हुई हैं, लेकिन विभाग इन्हें ठीक नहीं कर रहा है। मंगलवार की देर रात यहां सुभाष चौक पर विद्युत लाइन में अचानक शार्ट सर्किट हो गया, जिसके चलते वहां अफरा-तफरी मच गई। शार्ट सर्किट के धमाकों के चलते व्यापारियों में हड़कंप मच गया। कई लोगों ने दुकानें बंद कर ली, इसी बीच तार टूटकर सड़क पर गिर गया और स्पार्किंग चलती रही। वहां मौजूद लोगों ने यातायात को रोक लिया, व्यापार मंडल जिलाध्यक्ष मोहन नेगी ने बताया कि इस दौरान लोग विद्युत विभाग के अधिकारियों को फोन मिलाते रहे, लेकिन किसी ने फोन नहीं उठाया। यह सिलसिला लगभग आधा घंटे तक चलता रहा। हालांकि बाद में लाइन बंद कर दी गई, जिसके बाद लोगों को राहत मिली।