हल्द्वानी। उत्तराखंड मुक्त विश्वविद्यालय ने वार्षिक और सेमेस्टर की सभी 386 परीक्षाओं के परिणाम घोषित कर दिए हैं। प्रदेश के 52 केंद्रों पर जून में आयोजित हुईं परीक्षाओं में इस बार 37,500 विद्यार्थियों ने परीक्षा दी थी। परीक्षा नियंत्रक प्रो. पीडी पंत ने बताया कि मंगलवार शाम तक विश्वविद्यालय ने सभी परीक्षाओं के परिणाम घोषित कर दिए गए हैं। उन्होंने बताया कि इस बार से सभी परीक्षार्थियों के अंकपत्र ऑनलाइन जारी किए जा रहे हैं। फाइनल डिग्री और डिप्लोमा वाले विद्यार्थियों को शीघ्र ही उनके अध्ययन केंद्रों पर अंकपत्र उपलब्ध कराए जाएंगे। प्रो. पंत ने बताया कि अबकी बार से विश्वविद्यालय की ओर से पुन: मूल्यांकन की पद्धति भी खत्म कर दी गई है। दिसंबर महीने में सेमेस्टर और सुधार परीक्षा आयोजित की जाएगी। इसके लिए सितंबर माह में फार्म भरे जाएंगे।