रानीखेत (अल्मोड़ा)। क्षेत्र में बढ़ रही आपराधिक घटनाओं को लेकर व्यापार मंडल पदाधिकारियों ने आक्रोश जताया है। नगर व्यापार मंडल की बैठक में सरे राह महिला से जेवर लूटने की घटना को पहाड़ जैसे शांत इलाके के लिए बेहद गंभीर बताया गया। कहा कि इस तरह की घटनाओं से महिलाओं में भय का माहौल बना हुआ है, लेकिन पुलिस मुस्तैदी से कार्य नहीं कर रही है। यदि शीघ्र जेवर लूट की घटना का खुलासा नहीं हुआ तो व्यापार मंडल आंदोलन करेगा।
नगर व्यापार मंडल अध्यक्ष भगवंत नेगी की अध्यक्षता में हुई बैठक में वक्ताओं ने कहा कि चेन झपटने जैसे संगीन अपराधों का पहाड़ी इलाकों में जड़ें जमाना बेहद गंभीर मामला है। पहाड़ में अधिकांश महिलाएं घरेलू कार्यों के लिए अकेले ही निकलती हैं। इस दौरान पुलिस की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठाए गए। कहा कि पूर्व में यहां कई चोरियां हुई थीं, लेकिन अधिकांश मामलों का आज तक सुराग नहीं लग सका। नगर की यातायात व्यवस्था बदहाल है। वन वे व्यवस्था का लोग पालन नहीं कर रहे। दोपहिया वाहन चालक बगैर हेलमेट वाहन दौड़ा रहे हैं, लेकिन पुलिस हाथ पर हाथ धरे बैठी है। बैठक में उपाध्यक्ष दीपक अग्रवाल, महा सचिव हर्ष पंत, उप सचिव मनोज पंत, कोषाध्यक्ष दीपक पंत, महिला उपाध्यक्ष सीमा जसवाल सहित तमाम लोग मौजूद थेे।