रानीखेत/द्वाराहाट। श्री कृष्ण जन्माष्टमी का पर्व पूरे क्षेत्र में हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। रानीखेत के प्रसिद्ध सिद्धपीठ झूला देवी मंदिर में मेले का आयोजन किया गया। नगर में झांकी प्रदर्शनी का दौर भी शुरू हो गया है। सुबह से ही नगर के विभिन्न मंदिरों में खासी चहल पहल रही। घरों में नन्हे बच्चों को कृष्ण और राधा की पोषाक पहनाई गई।
द्वाराहाट में विश्व हिंदू परिषद और बजरंग दल के की ओर से बग्वालीपोखर से कफड़ा-गगास होते हुए श्री कृष्ण जन्माष्टमी की झांकियां निकाली गईं। बाद में शोभा यात्रा के साथ वाहनों का काफिला द्वाराहाट पहुंचा, यहां से जयकारे के साथ शोभा यात्रा शुरू हुई, जो बिंता से बग्वालीपोखर पहुंची। इस दौरान जिला संयोजक बजरंग दल राजेंद्र अधिकारी, भूपाल दत्त जोशी, भुवन बिष्ट, गोविंद रौतेला, शंकर भंडारी, बबलू भंडारी, गोपाल भंडारी सहित भारी संख्या में लोग मौजूद रहे।