हल्द्वानी। बागेश्वर के बास्ती गांव में विवाह समारोह में विषाक्त भोजन करने से बीमार एक और महिला खिमुली देवी (60) ने सोमवार दोपहर सुशीला तिवारी अस्पताल में दम तोड़ दिया। उन्हें वेंटीलेटर पर रखा गया था। अब तक चार लोगों की मौत हो चुकी है। रविवार की देर रात दो और सोमवार को छह और मरीजों को एसटीएच में भर्ती किया गया। अस्पताल में इस समय 51 मरीज भर्ती हैं।
हालत गंभीर होने के कारण खिमुली देवी को मेडिसिन आईसीयू में रखा गया था। उनके गुर्दों ने काम करना बंद कर दिया था जबकि श्वसन तंत्र भी काम नहीं कर रहा था। एसटीएच के एमएस डॉ. अरुण जोशी ने बताया कि सोमवार दोपहर खिमुली देवी ने दम तोड़ दिया। खिमुली देवी के खून का नमूना भी जांच के लिए माइक्रोबायोलाजी लैब में रखा गया है। साथ ही पोस्टमार्टम के बाद विसरा भी जांच के लिए भेजा जाएगा। डॉ. जोशी ने बताया कि खिमुली देवी के पति फकीर सिंह (86) का इलाज चल रहा है। विषाक्त भोजन करने के बाद उन्हें भी एसटीएच में भर्ती किया गया था। डॉ. जोशी ने बताया कि रविवार की देर रात और सोमवार को मोहनी देवी (58), मोहन सिंह (65), दरबान सिंह (44), हेमंती (30), तारा (13), गणेश (10), नीमा देवी (25), पुष्कर सिंह (05) को भर्ती कराया गया। शनिवार को इलाज के लिए दस लोगों को एयरलिफ्ट कराकर सुशीला तिवारी अस्पताल लाया गया था। शनिवार की देर रात तक 25 मरीज पहुंच गए थे।
10 बच्चों के स्वास्थ्य में सुधार, जनरल वार्ड में शिफ्ट
हल्द्वानी। एसटीएच लाए गए दस बच्चों की स्थिति में सुधार हुआ है। एमएस डॉ. अरुण जोशी ने बताया कि बच्चों की स्थिति में सुधार होने के कारण उन्हें पीआईसीयू से निकालकर जनरल वार्ड में शिफ्ट किया गया है। एमएस के अनुसार मंगलवार को कुछ मरीजों को डिस्चार्ज किया जाएगा।
यूरिया, एसजीओटी, एसजीपीटी की रिपोर्ट आई सामान्य, कल्चर का इंतजार
हल्द्वानी। कुछ मरीजों के खून की जांच रिपोर्ट आने के बाद एसटीएच प्रशासन ने राहत की सांस ली है। सोमवार को कुछ मरीजों की यूरिया, एसजीओटी, एसजीपीटी और टीएलसी-डीएलसी की रिपोर्ट आई। एमएस डॉ. अरुण जोशी ने बताया कि जांच रिपोर्ट सामान्य आई है। अभी स्टूल कल्चर और खून के कल्चर की रिपोर्ट आनी बाकी है।
दूध या मसालों में गड़बड़ी का संदेह
हल्द्वानी। विवाह समारोह के दौरान बने व्यंजनों का सैंपल लेने के बाद रिपोर्ट का इंतजार है। जिला संक्रामक रोग विश्लेषक अधिकारी नंदन कांडपाल ने अपनी टीम के साथ बास्ती गांव पहुंचकर सैंपल लिए थे। उन्होंने बताया था कि पानी के नमूने जांच में सही पाए गए थे जबकि दूध या सब्जियों में डाले जाने वाले मसलों में गड़बड़ी की आशंका है। उन्होंने कहा कि रिपोर्ट आने के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
अस्पताल में अब भी 51 मरीज भर्ती, अब तक हो चुकी हैं चार मौतें
रविवार की देर रात दो और सोमवार को छह और मरीज भर्ती