रानीखेत (अल्मोड़ा)। सुभाष चौक पर यातायात व्यवस्था संभलने का नाम नहीं ले रही है। बूचड़ी मार्ग के किनारे एक वाहन खड़ा करने की परमिशन है, लेकिन इसे वाहन चालकों ने स्थायी टैक्सी पार्किंग बना डाला है। बताया गया है कि यूनियन की तरफ से यहां पर वाहनों से पार्किंग शुल्क भी वसूला जा रहा है। जबकि यह मोड़ अत्यधिक संकरा है जिसके चलते आए दिन दुर्घटना की आशंका बनी रहती है।
सुभाष चौक स्थित बूचड़ी मार्ग के किनारे वाहन चालक मनमाने ढंग से वाहनों को खड़ा कर देते हैं। ठीक सामने दुकानें हैं, यहां पर दोपहिया वाहन चालक भी मनमाना रवैया अपनाते हैं, कई बार पुलिस द्वारा चालान काटने के बाद भी चालक बाज नहीं आते। अत्यधिक संकरे मोड़ पर आए दिन दुर्घटना की आशंका बनी रहती है। पूर्व में पुलिस और प्रशासन के साथ हुई बैठकों में तय हो चुका है कि इस मोड़ पर केवल एक वाहन ही पार्क किया जा सकता है, लेकिन वाहन चालक यहां पूरी रोड को घेरकर वाहनों को खड़ा कर देते हैं।
जब वाहन चालकों से इस बारे वार्ता हुई तो उन्होंने बताया कि 10 रुपये प्रतिदिन यहां पर पार्किंग शुल्क दे रहे हैं। अब जब पूर्व में तय हो चुका है कि इस स्थान पर केवल एक वाहन खड़ा रहेगा, तो अन्य वाहनों से पार्किंग शुल्क वसूलने का मामला लोगों को भी हजम नहीं हो रहा है। इस मोड़ से सेना के बड़े वाहन भी होकर गुजरते हैं। वाहन पास होने की तक जगह नहीं रहती। पुलिस का कहना है कि वह इस समस्या का शीघ्र समाधान करेगी। दूसरी तरफ इस स्थान पर दोपहिया वाहन चालकों की भी मनमानी से लोग परेशान हैं।