भीमताल (नैनीताल)। हाइस्कूल एवं इंटरमीडिएट की बोर्ड परीक्षाएं पांच मार्च से शुरू होंगी। इसके लिए नैनीताल जिले में 11 सचल दल टीमों का गठन किया गया है। बोर्ड परीक्षाओं के लिए ब्लॉक स्तर पर एक-एक सचल दल टीम का गठन किया गया है। यह सचल दल दोनों पारियों में परीक्षा केंद्रों का औचक निरीक्षण करेंगे। जिला स्तर पर भी तीन सचल दल गठित किए गए हैं। यह जिलेभर के परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण करेंगे। सीईओ केके गुप्ता, डीईओ माध्यमिक हीरालाल गौतम, बेसिक शिक्षाधिकारी गोपाल स्वरूप को इनका प्रभारी बनाया गया है। ब्लॉक स्तर पर बीईओ को प्रभारी, उप शिक्षाधिकारी, प्रधानाचार्य को सहप्रभारी बनाया गया है। सीईओ केके गुप्ता ने बताया कि जिले के सभी परीक्षा केंद्रों में उत्तर-पुस्तिका, प्रश्नपत्र पहुंच चुके हैं। प्रश्न पत्रों को डबल लॉक में कड़ी सुरक्षा में रखा गया है। भीमताल स्थित शिक्षा अधिकारी कार्यालय को जिले का मुख्य कंट्रोल रूम बनाया गया है। कंट्रोल रूम में प्रवक्ता डॉ. राजेश कुमार पांडे, त्रिलोक सिंह बिष्ट, दुष्यंत नेगी, संदीप कुमार को तैनात किया गया है। पांच मार्च से 24 मार्च तक सुबह नौ से शाम पांच बजे तक कंट्रोल रूम खुला रहेगा। मेजर राजेश अधिकारी जीआईसी नैनीताल, राजकीय कन्या इंटर कॉलेज हल्द्वानी को उत्तर पुस्तिका संकलन केंद्र बनाया गया है।