हल्द्वानी। ड्राइविंग लाइसेंस बनाने के लिए अब आपको संभागीय परिवहन कार्यालय में दलालों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे। अब ड्राइविंग लाइसेंस ऑनलाइन बनेगा। आप घर बैठे आवेदन कर सकते हैं। संभागीय परिवहन कार्यालय इस सप्ताह से ‘सारथी 4’ साफ्टवेयर की शुरूआत कर सकता है।
ड्राइविंग लाइसेंस बनवाने के लिए अब तक आवेदक को लर्निंग लाइसेंस या स्थायी लाइसेंस के लिए मेडिकल बनवाने के साथ एक फार्म भरना पड़ता था। निर्धारित शुल्क जमा करने के बाद आगे की कार्यवाही होती थी। अब आवेदकों को ड्राइविंग लाइसेंस बनवाने के लिए ऑनलाइन आवेदन करना पड़ेगा। मेडिकल प्रमाण पत्र, आयु के लिए हाइस्कूल का सर्टिफिकेट, पहचान पत्र आदि प्रपत्रों को भी ऑनलाइन अपलोड किया जाएगा। ऑनलाइन फार्म भरने के बाद आप अपनी सुविधा के अनुसार परीक्षा के लिए तिथि ले सकते हैं। आवेदक को संभागीय परिवहन कार्यालय (आरटीओ) जाकर परीक्षा देनी होगी। परीक्षा में उत्तीर्ण होने के बाद लाइसेंस घर पर पहुंच जाएगा। स्थायी लाइसेंस के लिए भी ऑनलाइन ही आवेदन करना होगा। ड्राइविंग लाइसेंस संबंधी शुल्क जमा करने समेत अन्य काम के लिए अब प्रक्रिया आनलाइन ही होगी।