रामनगर (नैनीताल)। राजकीय इंटर कॉलेज गौजानी के जिन दो शिक्षकों पर छात्राओं से अश्लील हरकतें और अभद्रता करने का आरोप लगाया था उन्हें कॉलेज से हटा दिया गया है। हालांकि उन्हें कहां संबद्ध किया गया है इसका फैसला सोमवार को होगा। रविवार को हल्द्वानी, कोटाबाग, रामनगर के बीईओ कॉलेज पहुंचे। उन्होंने अभिभावकों के साथ बैठक की। इसके बाद दोनों को तत्काल प्रभाव से कॉलेज से हटाने पर सहमति बनी। जांच के आश्वासन पर भरोसा कर अभिभावकों ने तहरीर वापस ले ली है। बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए शिक्षिकाएं हर दो माह में छात्राओं के साथ काउंसलिंग करेंगी।
दो छात्राओं ने अपने अभिभावकों को बताया कि दो शिक्षक लंबे समय से अभद्रता और छेड़छाड़ कर रहे हैं। इसके विरोध में अभिभावकों ने शनिवार को हंगामा किया था। उन्होंने प्रभारी प्रधानाचार्य का घेराव कर दोनों शिक्षकों को हटाने की मांग की थी। हंगामे से पहले ही दोनों शिक्षक भाग गए थे। पुलिस ने अभिभावकों को शांत किया था। अभिभावकों ने कोतवाली में तहरीर लेकर आरोपी अध्यापकों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग भी की थी। इस मामले में रविवार को गौजानी स्कूल में ही बीईओ के साथ अभिभावकों की बैठक हुई। इसमें बताया गया कि हर स्तर पर आरोप की जांच होगी। यदि शिक्षक दोषी पाए जाते हैं तो शिक्षकों को कानूनी, विभागीय कार्रवाई भी की जाएगी। दोनों शिक्षकों को तत्काल प्रभाव से हटा दिया गया है। तभी अभिभावक शांत हुए। इस दौरान एसडीएम परितोष वर्मा, बीईओ निर्मला मेहरा, हल्द्वानी के हरेंद्र मिश्रा, कोटाबाग के भाष्करानंद पांडेय, प्रधानाचार्य रविशंकर चौबे, शिक्षक नेता नवेंदु मठपाल आदि थे।