पार्किंग स्थल का बोर्ड लगाने से भड़के डांठ के पर्यटन व्यवसायी
भीमताल (नैनीताल)।
नगर पंचायत की ओर से यहां बाइपास रोड पर पार्किंग स्थल और नौकुचियाताल रोड लिखा बोर्ड लगाने से डांठ के पर्यटन व्यवसायी खासे भड़क उठे हैं। उनका कहना है कि उक्त बोर्ड के लगाने के बाद से अधिकांश सैलानी बाइपास रोड के समीप स्थित पार्किंग में ही रुक जा रहे हैं और वहीं से नौकुचियाताल रवाना हो जा रहे हैं। इससे उनका कारोबार बुरी तरह से प्रभावित हो रहा है। गुस्साए व्यापारियों ने नगर पंचायत के अधिशासी अधिकारी से भेंट कर शीघ्र उक्त बोर्ड को हटवाने की मांग की।
एक दशक पहले तक यहां आने वाले सैलानी अपने वाहनों को डांठ में स्थित सड़क किनारे और वहां बनाई गई पार्किंग में ही पार्क करते थे। लेकिन हाल के वर्षों में झील विकास प्राधिकरण द्वारा बाइपास रोड के समीप नया पार्किंग स्थल बना दिया गया। हफ्ते भर पहले तक यहां आने वाले सैलानी बाइपास रोड के समीप स्थित पार्किंग के अलावा डांठ में पुरानी पार्किंग में अपने वाहन खड़े कर रहे थे। लेकिन नगर पंचायत ने बाइपास रोड पर पार्किंग स्थल और नौकुचियाताल रोड लिखा एक बड़ा बोर्ड लगा दिया।
डांठ के पर्यटन व्यवसायियों का कहना है कि उक्त बोर्ड के लगने से अब बाहर से आने वाले सैलानी अपने वाहनों को बाइपास रोड स्थित पार्किंग में ही पार्क कर रहे हैं और कुछ देर वहां रुकने के बाद सीधे नौकुचियाताल चले जा रहे हैं। इसके चलते डांठ के सैकड़ों पर्यटन व्यवसायियों का कारोबार बुरी तरह प्रभावित हो रहा है। इसी मुद्दे को लेकर डांठ के पर्यटन व्यवसायी ईओ पान सिंह बोहरा से मिले। मामला समझ में आने पर ईओ बोहरा ने शीघ्र ही उक्त बोर्ड को हटाने का आश्वासन दिया। ईओ सेे मिलने वालों में अंशुल गुप्ता, प्रेम कुमल्टा, राजकमल पंत, नासिर खान, दीपू पांडे समेत कई पर्यटन व्यवसायी शामिल थे।