हल्द्वानी। नगर निगम के वार्डाें में सफाई के लिए लगाए पर्यावरण मित्र लापरवाही से बाज नहीं आ रहे हैं। वरिष्ठ नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ.सीएस टोलिया के नेतृत्व में तीन टीमों ने बुधवार को शाम की पाली में वार्ड-दो, पांच, 12, 13, 22, 23 और 24 का निरीक्षण किया तो 19 कर्मचारी अनुपस्थित मिले। इनमें सबसे अधिक वार्ड-12 राजेंद्रनगर राजपुरा में 15 में से पांच कर्मचारी गैरहाजिर मिले। सभी को नोटिस दिया गया है। साथ ही दोबारा अनुपस्थित मिलने पर वेतन काटने की चेतावनी दी गई है। ।
तीन कर्मियों का वेतन काटा, सुपरवाइजर को नोटिस
वार्ड-26 नई बस्ती बनभूलपुरा के समाजसेवी रफीक की ओर से वार्ड के सुपरवाइजर और सफाई कर्मियों की नगर निगम प्रशासन से शिकायत की गई। इस पर सुपरवाइजर को कारण बताओ नोटिस और मोहल्ला स्वच्छता समिति के तीन पर्यावरण मित्रों का वेतन रोकने के निर्देश दिए गए हैं। वरिष्ठ नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ.सीएस टोलिया ने बताया कि सुपरवाइजर के वार्ड में न जाने की शिकायत की गई है।
-
पार्षदों से सत्यापन न कराने का प्रस्ताव होगा पास
नगर निगम के पार्षदों से जन्म-मृत्यु, उत्तरजीवी, वारिसान, चरित्र प्रमाण पत्र बनाने के लिए सत्यापन कराने में आ रही समस्या को उठाया गया है। वार्ड-58 के पार्षद मनोज जोशी के अनुसार, पूर्व में बोर्ड मीटिंग में पार्षदों को सत्यापन से मुक्त करने का मामला उठाया गया था। इस संंबंध में बुधवार को नगर आयुक्त से मुलाकात की। इस दौरान तय किया गया कि इस मांग का प्रस्ताव बोर्ड मीटिंग के एजेंडे में शामिल किया जाएगा। पार्षद के अनुसार पुराने मामलों में सत्यापन करने में पार्षदों को परेशानी हो रही है। यह काम पटवारी या राजस्व कर्मियों का है जो उन पर थोपा जा रहा है।