नैनीताल। बिजली नहीं होने से सोमवार सुबह नगर में पानी की आपूर्ति भी ठप रही। विद्युत विभाग ने कड़ी मशक्कत कर दोपहर को नगर की आपूर्ति बहाल की, इसके बाद लोगों के घरों में पानी आ पाया।
सोमवार सुबह नगर को बिजली आपूर्ति करने वाली
सूखाताल लाइन में खराबी आने से सोमवार सुबह करीब पांच घंटे बिजली की आपूर्ति ठप रही, इससे जल संस्थान के पंप भी नहीं चल पाए। सुबह करीब 11 बजे विद्युत विभाग के कर्मचारियों द्वारा खराबी को दुरुस्त किया गया, इसके बाद पानी आया। विद्युत विभाग के अधिशासी अभियंता मोहम्मद उस्मान ने बताया कि ग्राफिक ऐरा यूनिवर्सिटी भवाली और गेठिया गधेरे के पास पेड़ की टहनियां टकराने से लाइन में खराबी आई थी। जिसे बाद में दुरुस्त कर दिया गया।
बिजली नहीं होने से पानी की आपूर्ति भी ठप
33 केवी लाइन भी नहीं कर पाई बिजली की आपूर्ति
नगर को बिना बाधा बिजली आपूर्र्ति करने के उद्देश्य से पाइंस से सूखाताल तक 33 केवी की लाइन बिछाई गई थी, इसका ट्रायल भी हो चुका है, लेकिन सोमवार को जब सूखाताल लाइन में खराबी आई तो इस वैकल्पिक लाइन से भी नगर को बिजली की आपूर्ति नहीं की गई। विद्युत विभाग के अधिशासी अभियंता मोहम्मद उस्मान ने बताया कि सुबह लाइन इतना लोड नहीं उठा पाई, इस कारण बिजली की आपूर्ति नहीं हो पाई।
जनरेटर भी काम नहीं आए
नगर में बिजली आपूर्ति बाधित होने पर पानी की आपूर्ति ठप न हो, इसके लिए एडीबी की ओर से जल संस्थान में वैकल्पिक जनरेटरों की व्यवस्था की गई थी, लेकिन करीब डेढ़ करोड़ की लागत के यह जनरेटर भी शोपीस बनकर रह गए है। एडीबी प्रोजेक्ट के तहत जल संस्थान के लिए वर्ष 2017 में चार जनरेटर खरीदे गए थे। इनसे नगर के दो-तीन हिस्सों में पानी की आपूर्ति के लिए मदद की जा सकती है। जल संस्थान के अधिशासी अभियंता संतोष उपाध्याय ने बताया कि नगर को 15 ट्यूबवेलों से पानी की आपूर्ति होती है, जबकि जल संस्थान के पास चार जनरेटर हैं, जो एक बार में पूरे नगर की पानी आपूर्ति का लोड उठा पाने में सक्षम नहीं है।