हल्द्वानी। क्षेत्र पंचायत की बैठक में जनप्रतिनिधियों ने पुराने प्रस्तावों पर कार्य नहीं होने पर अधिकारियों को भी घेरा, लेकिन नलकूप, सिंचाई, लोनिवि समेत विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने पैसा न होने का रोना रोकर जनप्रतिनिधियों को शांत कर दिया। लघु सिंचाई विभाग के अधिकारी बोले, विभाग के ऊपर पुराने कार्यों का साढ़े छह करोड़ का कर्जा है इनका ही भुगतान नहीं हो पा रहा है। पैसा आ रहा जब पुराना भुगतान हो जाएगा तो नये काम होंगे। इसी तरह नलकूप के ईई जीएस टोलिया ने ढाई करोड़ का भुगतान लंबित होने की बात कही। आनंदपुर ग्राम से रामपुर रोड को जोड़ने वाली सड़क पर दुर्घटनाओं का सबब बने बिजली के खंभों को अभी तक न हटाने का मुद्दा जनप्रतिनिधियों ने उठाया।
शुक्रवार को ब्लॉक सभागार में ब्लॉक प्रमुख आनंद सिंह दरम्वाल की अध्यक्षता में बीडीसी की बैठक निर्धारित समय से पौन घंटा देरी से शुरू हुई। बैठक में मोटाहल्दू बाईपास पर पुलिया निर्माण, छड़ायल-प्रेमपुर लोश्याली रोड का समतलीकरण कराने, आरटीओ रोड पर सिंचाई विभाग द्वारा नहर कवरिंग के बाद लोगों को आवागमन में हो रही परेशानी, आरटीई के तहत निजी स्कूलों में गरीब बच्चों के प्रवेश नहीं दिए जाने समेत स्वास्थ्य, पेयजल, विद्युत, सिंचाई आदि से संबधित समस्याएं भी उठीं।
बीडीसी की बैठक में जनप्रतिनिधियों ने पूछा काम क्यों नहीं हुए
अधिकारी बोले बजट नहीं मिला
लघु सिंचाई विभाग पर साढ़े छह करोड़ का कर्जा तो नलकूप विभाग पर ढाई करोड़ की बकाएदारी
ये रहे मौजूद
ज्येष्ठ प्रमुख तारा सिंह नेगी, जिला पंचायत सदस्य कृपाल सिंह, प्रकाश चंद्र, क्षेत्र पंचायत सदस्य कमला पपोला, कविता बिष्ट, हेमा रैकवाल, नीमा जोशी, ललित चंद्र मिश्रा, परियोजना निदेशक बाल कृष्ण, जिला विकास अधिकारी रमा गोस्वामी, डीएसओ तेजबल सिंह, मुख्य कृषि अधिकारी धनपत कुमार, खंड विकास अधिकारी हरीश मेहरा, लोनिवि ईई एचएस रावत, डीईओ हीरा लाल गौतम, बीईओ हरेंद्र मिश्रा।
कनिष्ठ उपप्रमुख सचिन को दिलाई शपथ
हल्द्वानी। बैठक की शुरुआत में ब्लॉक प्रमुख ने नव निर्वाचित कनिष्ठ प्रमुख सचिन लौशाली को शपथ दिलाई। वहीं, ब्लॉक प्रमुख के चुनाव में हारे बीडीसी सदस्य अर्जुन सिंह बैठक में बैठने के बजाय सभागार के बाहर खड़े थे। पत्रकारों ने जब उनसे इस बाबत पूछा तो उन्होंने कहा कि पांच साल में कुछ नहीं हुआ तो अब क्या हो जाएगा।
गोल्डन कार्ड और जन्म मृत्यु प्रमाणपत्र न बनने का उठा मुद्दा
हल्द्वानी। अटल आयुष्मान योजना के अंतर्गत गोल्डन कार्ड बनवाने में राशनकार्ड का डाटा ऑनलाइन न मिल पाने से लोगों को हो रही दिक्कतों को प्रमुखता से उठाया। कॉमन सर्विस सेंटरों पर जन्म मृत्यु प्रमाण पत्र न बनने की शिकायत भी उठी। सीडीओ ने तकनीकी समस्या का समाधान होने तक हस्तलिखित प्रमाणपत्र जारी करने के निर्देश दिए।