हाथी ने बाइक सवार की जान ले जी
साथी बालबाल बचा, घटनास्थल पर जाम लगा
अमर उजाला ब्यूरो
कालाढूंगी (नैनीताल)। बाजपुर मुख्य हाईवे में गड़प्पू के पास बाइक सवार दो लोगों पर हाथी झपट गया। आक्रामक हाथी ने बाइक सवार एक व्यक्ति का सिर बुरी तरह कुचल दिया। इससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। जबकि उसका साथी घायल हो गया। हादसे के बाद सड़क के दोनों ओर लंबा जाम लग गया। मौके पर पुलिस व वनाधिकारियों के देर से पहुंचने पर लोगों का गुस्सा सातवें आसमान पर चढ़ गया। आक्रोशित लोगों ने हाईवे जाम कर विभाग के खिलाफ नारे बाजी की।
डाकघर कमोला में संविदा पर तैनात कर्मचारी, एलआईसी एजेंट बालम सिंह मेहरा और कमल कत्यूरा बुधवार रात करीब 8:30 बजे बरहैनी से घर की ओर लौट रहे थे। इस बीच गड़प्पू के पास अचानक उनकी बाइक के आगे हाथी आ गया। आक्रामक हाथी ने बाइक से गिरे बालम मेहरा का सिर बुरी तरह से कुचल दिया। एसओ कालाढूंगी नरेश चौहान ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया है। घायल कमल कत्यूरा ने गड़प्पू पुलिस चौकी में भाग कर घटना की जानकारी दी। कोटाबाग ब्लॉक के कमोला में रहने वाले मृतक बालम मेहरा की पत्नी जानकी मेहरा कमोला सीट से क्षेत्र पंचायत सदस्य हैं। घटना की सूचना के बाद परिवार में कोहराम मचा है। देर रात तक कालाढूंगी थाने में ग्रामीणों का जमावड़ा लगा रहा।
इनसेट
...विभिन्न प्रतिभाओं के धनी थे बालम
..बालम मेहरा विभिन्न प्रतिभाओं के धनी थे। कुमाऊंनी संगीत में भी उन्होंने कई गाने लोगों को दिए। सामाजिक सरोकार से भी बालम मेहरा का पुराना सरोकार रहा है। कमोला क्षेत्र में वन्य क्षेत्र में संदिग्ध लोगों की आवाजाही पर भी उन्होंने खुलकर आवाज उठाई और वन विभाग ने इस पर कार्रवाई भी की।