रानीखेत (अल्मोड़ा)। हल्द्वानी मोटर मार्ग पर पिलखोली में बाइक और डंपर की भिड़ंत हो गई। डंपर यूके 01सी 0705 सोमवार सुबह रानीखेत से हल्द्वानी की ओर जा रहा था। इसी बीच पिलखोली में विपरीत दिशा से आ रही बाइक और डंपर की टक्कर हो गई। टक्कर लगते ही बाइक चालक सौरभ बिष्ट छिटक गया और गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल सौरभ को स्थानीय लोगों की मदद से यहां राजकीय अस्पताल लाया गया, गंभीर हालत को देखते हुए उसे हायर सेंटर रेफर कर दिया गया है। बताया जा रहा है कि बाइक काफी तेज गति से भाग रही थी। पुलिस के अनुसार किसी भी पक्ष ने मामले की रिपोर्ट दर्ज नहीं कराई है।