हल्द्वानी। समय सुबह छह बजे। स्थान मछली बाजार। अचानक कुत्तों ने दौड़ लगा दी और पीछे पीछे नगर निगम कर्मी हाथ में जाल लिए दौड़ रहे हैं। कुत्ते भी कर्मियों से तेज धावक निकले कभी खोखे के नीचे से घुसकर इस ओर तो कभी उस छोर लेकिन निगम कर्मी भी कहां हार न मानने वाले। आखिरकार कुत्ते नगर निगम के जाल में फंस गए और उन्हें एंटी रैबीज इंजेक्शन लगाया गया। यह नजारा अब लगभग रोज सुबह ही देखने को मिलता है।
शहर में आवारा कुत्तों का आतंक और नगर निगम का इन कुत्तों के खिलाफ अभियान जारी है। नगर निगम की टीम ने बुधवार की सुबह छह बजे से नौ बजे तक मछली बाजार, सब्जी मंडी, लाइन नंबर 17, गांधी नगर में अभियान चलाया। टीम हाथ में जाल लेकर और उपकरण लेकर कुत्ते को पकड़ने की कोशिश करने लगे। वहीं कुत्तों ने टीम को खूब छकाया। तीन घंटे तक चले इस अभियान में कड़ी मशक्कत के बाद टीम ने 63 कुत्तों को एंटी रैबीज इंजेक्शन लगाया। अभियान में नगर सहायक आयुक्त विजेंद्र चौहान, डॉ. राकेश तिवारी आदि मौजूद थे।
आगे आगे कुत्ते, पीछे पीछे नगर निगम कर्मी
नगर निगम की टीम ने 63 कुत्तों को लगाया एंटी रैबीज इंजेक्शन