हल्द्वानी। नेपाल के प्रधानमंत्री केपी शर्मा ओली के आगमन को लेकर नैनीताल पुलिस-प्रशासन सतर्क हो गया है। एसपी सिटी के निर्देश पर पुलिस ने बरेली रोड और रामपुर रोड पर जाने वाले वाहनों की चेकिंग की। होटल और ढाबों पर भी पुलिस नजर रख रही है। इधर डॉग स्क्वाड और बम डिस्पोजल की टीम ने काठगोदाम रेलवे प्लेटफार्म के अलावा देहरादून जाने वाली ट्रेन की भी जांच की, लेकिन कुछ नहीं मिल सका।
एसपी सिटी अमित श्रीवास्तव ने बताया कि नेपाल के प्रधानमंत्री पंतनगर में आएंगे। सुरक्षा के मद्देनजर रामपुर रोड और बरेली रोड की ओर से जाने वाले वाहनों की चेकिंग के निर्देश दिए हैं। शहर के अलावा लालकुआं पुलिस भी ढाबों और होटलों की गहनता से चेकिंग कर रही है। विदेशी मेहमान की सुरक्षा में किसी प्रकार की कोताही नहीं बरती जाएगी।
इधर जीआरपी काठगोदाम के थानाध्यक्ष कैलास भैसोड़ा ने बताया कि डॉग स्क्वाड प्रति सप्ताह ट्रेन और प्लेटफार्म की चेकिंग करता है लेकिन वीवीआइपी के आगमन को देखते हुए शनिवार शाम देहरादून जाने वाली ट्रेन की चेकिंग की गई है। प्लेटफार्म की छानबीन की गई है। जीआरपी के जवान प्लेटफार्म के अलावा ट्रेनों पर नजर रखे हुए हैं।
नेपाली पीएम के आगमन से पहले पुलिस-प्रशासन सतर्क