हल्द्वानी। एमबीपीजी कॉलेज में स्नातक द्वितीय एवं चतुर्थ सेमेस्टर में दाखिला न होने से विद्यार्थियों में आक्रोश बढ़ता जा रहा है। शनिवार को भी छात्रों ने कॉलेज में दोपहर को प्रवेश प्रक्रिया को जबरन बंद करवा दिया।
एमबी कॉलेज में पिछले वर्ष सितंबर में सेमेस्टर परीक्षा में काफी संख्या में छात्रों के फेल होने पर हंगामा हुआ था। इस पर कुमाऊं विवि ने स्नातक प्रथम सेमेस्टर में जो विद्यार्थी फेल थे और दूसरे सेमेस्टर की परीक्षा में पास हैं तथा सीओपी आई, उन्हें प्रमोट कर तृतीय सेमेस्टर में प्रवेश देने के आदेश दिए थे। यह भी कहा था कि विद्यार्थी को तृतीय सेमेस्टर पास करने के साथ ही प्रथम सेमेस्टर भी पास करना होगा।
प्रभारी प्राचार्य डा. लीला तिवारी ने बताया कि विवि से दाखिले के संबंध में मिले निर्देशों को नोटिस बोर्ड पर चस्पा करवा दिया है, नियमों के तहत ही दाखिले किए जाएंगे।
विवि नियमों के तहत इन्हें मिलेगा प्रवेश
स्नातक कला, विज्ञान, वाणिज्य एवं सभी विषयों में स्नातकोत्तर विषयों में चतुर्थ सेमेस्टर में उन विद्यार्थियों को प्रवेश मिलेगा, जो तृतीय सेमेस्टर में पास या सीओपी लाता है। विद्यार्थी को प्रथम सेमेस्टर में भी उत्तीर्ण होना जरूरी है। जिन विद्यार्थियों ने वर्ष 2016 में प्रथम सेमेस्टर की परीक्षा का बैक तृतीय सेमेस्टर के साथ दिया है, उनके परिणाम आने के उपरांत यदि वह उस सुधार परीक्षा में उत्तीर्ण होता है तभी वह प्रवेश का अधिकारी होगा।
स्नातक एवं स्नातकोत्तर द्वितीय सेमेस्टर में प्रवेश उन विद्यार्थियों को मिलेगा जो प्रथम सेमेस्टर की परीक्षा में पास हैं अथवा जिनकी सीओपी आई है। परीक्षा परिणाम में अनुत्तीर्ण अंकित होने पर विद्यार्थी को प्रवेश नहीं दिया जाएगा। प्रवेश संबंधी अधिक जानकारी के लिए कुमाऊं विवि की वेबसाइट पर 2017 के अधिनियम को देखा जा सकता है।