हल्द्वानी। चंबल पुल पर संचालित आधार कार्ड केंद्र पर निर्धारित शुल्क से अधिक पैसे वसूलने पर लाइसेंस निरस्त कर दिया गया है। यह कार्रवाई एसडीएम की जांच रिपोर्ट के आधार पर की गई है।
गौरव जोशी और मानसिंह चौहान, बसंती चौहान यशजली भवन जागनाथ कालोनी काठगोदाम ने एसडीएम एपी बाजपेयी से लिखित शिकायत की थी। आरोप लगाया था कि चंबल पुल आरोग्या अस्पताल के निकट संचालित आधार कार्ड सेंटर पर आधार कार्ड में फोटो एवं पता या अन्य कोई परिवर्तन कराने पर आधार केंद्र पर निर्धारित शुल्क से अधिक वसूली की जा रही है। सौ से डेढ़ सौ रुपये तक वसूले जा रहे हैं। एसडीएम ने बताया कि आधार केंद्र पर इस मामले की गोपनीय जांच कराई गई तो शिकायत सही पाई गई। उन्होंने जांच के आधार पर चंबल पुल आरोग्य अस्पताल के निकट तारा बिष्ट के नाम से संचालित आधार सेंटर का लाइसेंस निरस्त करने के संबंध में ई- डिस्ट्रिक मैनेजर नैनीताल को पत्र भेजा था। इस पर मंगलवार को यूनिक आईडी दिल्ली से आधार केंद्र की आईडी लॉक करने के साथ ही उसका लाइसेंस निरस्त कर दिया गया।