हल्द्वानी। समय से ऑक्सीजन न मिलने के कारण बेस अस्पताल में मरीज की मौत के मामले की जांच होगी। इसके लिए दो सदस्यीय जांच समिति गठित की गई है। जांच रिपोर्ट तीन दिन में देने को कहा गया है। सीएमओ डॉ. एचके जोशी ने भी जांच रिपोर्ट मांगी है साथ ही मामले की खुद जांच करने की भी बात कही है।
रविवार को ग्राम प्रधान ललित मोहन सम्भल ओखलढूंगा विकास खंड भीमताल के गोपाल सिंह (59) को अपनी कार से लेकर बेस अस्पताल पहुंचे थे। आरोप है कि डॉक्टर ने उन्हें इमरजेंसी से बाहर जाने को कह दिया। मरीज को बेड नंबर 14 पर लिटा दिया गया और पूर्वाह्न 11 बजे से दोपहर 12.15 बजे तक कोई इलाज नहीं किया गया। गोपाल सिंह की सांस काफी फूल रही थी। बेस अस्पताल में उस वक्त बिजली गुल थी और जेनरेटर भी नहीं चल रहा था। प्रधान ने बताया कि दोपहर 12.18 बजे जब ऑक्सीजन सिलेंडर लगाया गया तो मरीज दम तोड़ चुका था। बेस अस्पताल के सीएमएस डॉ. एसबी ओली ने बताया कि इस मामले की जांच के लिए दो सदस्यीय जांच कमेटी गठित की गई है। जांच कमेटी में डॉ. विपिन पंत और डॉ. केएस दुत्ताल को रखा गया है। कमेटी को तीन दिन के भीतर रिपोर्ट देनी होगी। डॉ. ओली ने कहा कि अस्पताल में मैन्युअल आक्सीजन सिलेंडर रखे थे। मैन्युअल सिलेंडर से सीओपीडी के मरीज को आक्सीजन दी जा सकती थी।