हल्द्वानी। बेरोजगारों को सेवायोजन कार्यालय में पंजीकरण कराने के लिए अब चक्कर नहीं काटने पडे़ंगे। अब जन सुविधा केंद्रों पर भी ऑनलाइन पंजीकरण करा सकते हैं। जन सुविधा केंद्रों पर यह सुविधा शनिवार को प्रारंभ हो गई।
विलेज लेवल सोसायटी की ओर से ग्राम पंचायत स्तर पर जन सुविधा केंद्र संचालित हो रहे हैं। इन केंद्रों पर विभिन्न विभागों के बिल जमा होने के साथ ही, जाति, आय प्रमाणपत्र और आधार कार्ड बनाने के लिए आवेदन भी किए जाते हैं। शनिवार को ई- ड्रिस्टिक्ट मैनेजर विकास शर्मा ने जन सुविधा केंद्रों पर सेवायोजन पंजीकरण किए जाने की सुविधा का शुभारंभ किया। मुखानी स्थित जन सुविधा केंद्र के जितेंद्र कुमार ने बताया कि पंजीकरण के लिए अभ्यर्थी को स्थायी निवास प्रमाणपत्र, परिचय पत्र और शैक्षिक प्रमाणपत्र लाने होंगे। पंजीकरण का प्रमाणपत्र 15 दिनों के भीतर मिल जाएगा। बीएलए के अध्यक्ष प्रकाश सिंह मेहता, उपाध्यक्ष लक्ष्मण सिंह और सचिव जितेंद्र कुमार ने केंद्र पर अभ्यर्थियों को इस सुविधा के विषय में जानकारी दी। जिला मुख्यालय नैनीताल के अलावा हल्द्वानी और रामनगर में सेवायोजन कार्यालयों में बेरोजगारों का पंजीकरण किया जाता है। सेवायोजन कार्यालयों में कई बार इंटरनेट सेवा बाधित होने पर बेरोजगारों को कई बार चक्कर लगाने पड़ते थे।