हल्द्वानी। यात्रियों को लेकर दिल्ली जा रही यूपी रोडवेज की एसी बस में मंगलवार को अचानक आग धधक उठी। इससे बस में सवार 18 यात्रियों में अफरातफरी मच गई। सूचना मिलने पर दमकल विभाग की गाड़ी भी मौके पर पहुंची लेकिन उससे पहले ही आग पर काबू पाया जा चुका था।
मंगलवार की सुबह पौने 11 बजे साहिबाबाद डिपो की एसी बस संख्या यूपी 33 एटी 2486 हल्द्वानी से यात्रियों को लेकर आनंद विहार दिल्ली के लिए रवाना हुई। गांधी इंटर कॉलेज के पास अचानक बस के इंजन से धुएं के साथ ही आग की लपटें भी उठने लगी। आग की लपटें देख चालक के होश उड़ गए। उसने बस सड़क किनारे खड़ी कर दी। इस बीच यात्री भी सामान सहित सुरक्षित बस से बाहर आ गए। चालक अमन दीप ने बताया कि शॉर्ट सर्किट से इंजन ने आग पकड़ ली और डीजल पाइप फट गया था। आग बुझाने में बस में रखी पानी की 50 बोतलें और दो गैस सिलेंडर भी खत्म हो गए। दमकल की गाड़ी भी आ गई थी, लेकिन तब तक उन्होंने आग बुझा ली थी। बस में 18 यात्री सवार थे, जिनमें से आठ ऑनलाइन बुकिंग वाले थे। जिन यात्रियों के तत्काल टिकट बनाए थे, उनके रुपये वापस कर दिए गए थे। बस को ठीक करने के लिए स्थानीय मैकेनिक बुलाए थे, लेकिन वे सही नहीं कर सके।