नेता प्रतिपक्ष ने एमबी कॉलेज का निर्माणाधीन सभागार देखा
हल्द्वानी।
एमबीपीजी कॉलेज के निर्माणाधीन लालबहादुर शास्त्री सभागार का स्थान बदलने का मामला चर्चा का विषय बनता जा रहा है। इसकी खबर मिलने पर शहर विधायक और नेता प्रतिपक्ष डॉ. इंदिरा हृदयेश शुक्रवार दोपहर कॉलेज पहुंचीं और प्राचार्य को तलब कर इसकी जानकारी ली।
उन्होंने कॉलेज प्रशासन से कहा कि कॉलेज को सुंदर बनाना उनका सपना रहा है। कॉलेज में बेहतर शिक्षण की व्यवस्था हो इसके लिए वह हर संभव मदद करेंगी। उन्होंने प्राचार्य से कहा कि कॉलेज में छात्र-छात्राओं के लिए अलग-अलग हाइटेक शौचालय का निर्माण कराने के लिए इस्टीमेट तैयार कराकर भेजें, इसके लिए वह बजट उपलब्ध कराएंगी।
बता दें कि कॉलेज के नवनियुक्त प्राचार्य डॉ. जगदीश प्रसाद ने निर्माणाधीन लालबहादुर सभागार को खेल मैदान में शिफ्ट कर दिया है और निर्माण एजेंसी राज्य निर्माण निगम ने इस पर काम भी शुरू कर दिया है। इस संबंध में अमर उजाला ने खबर प्रकाशित की थी। शुक्रवार को खबर पढ़ कर नेता प्रतिपक्ष कॉलेज पहुंची और प्राचार्य डॉ. प्रसाद को तलब किया।
प्राचार्य और चीफ प्राक्टर डॉ. आरएस भाकुनी तुरंत वहां पहुंच गए। प्राचार्य ने डॉ. हृदयेश को बताया कि कॉलेज के मुख्य गेट के पास से सभागार हटाकर मैदान में बनाने से एकरूपता आने से कॉलेज और सुंदर लगेगा तथा पार्किंग आदि की कई समस्याएं दूर हो जाएंगी। नेता प्रतिपक्ष ने प्राचार्य से जानकारी मिलने पर ठीक तो कह दिया, मगर साथ ही यह भी कहा कि कॉलेज को सुंदर बनाना उनका सपना रहा है इसलिए 41 कक्षों का निर्माण कराने के साथ ही नए विषय खुलवाए और प्राध्यापकों के 50 से अधिक पद सृजित करावाए।