कालाढूंगी। विकास खंड कोटाबाग में ज्येष्ठ प्रमुख सहित कई क्षेत्र पंचायत सदस्यों ने सोमवार को सामूहिक इस्तीफा दे दिया। इस्तीफा देने वाले सदस्य खंड विकास अधिकारी एवं अन्य कर्मचारियों की कार्यप्रणाली से नाराज हैं। ब्लॉक कार्यालय में जनप्रतिनिधियों से अनुचित व्यवहार करने का आरोप भी सदस्यों ने लगाया है।
इससे नाराज होकर सोमवार को ज्येष्ठ प्रमुख शशि डंगवाल के नेतृत्व में लगभग 17 क्षेत्र पंचायत सदस्यों ने ब्लॉक कार्यालय के बाहर जमकर नारेबाजी की और सभी ने त्यागपत्र एडीओ पंचायत प्रकाश चंद्र कांडपाल को सौंपा। सभी क्षेत्र पंचायत सदस्यों ने ब्लॉक प्रशासन को दो दिन का समय देते हुए कार्यप्रणाली में सुधार की मांग उठाई। कहा कि मांग पूरी न होने पर नौ सितंबर से ब्लॉक कार्यालय में तालाबंदी की जाएगी।
एडीओ पंचायत कांडपाल ने बताया कि 17 बीडीसी सदस्यों ने इस्तीफा सौंपा है। इन्हें शासन को भेजा जाएगा। इधर, ब्लॉक प्रमुख रवि कन्याल ने कहा कि मामले में शीघ्र ही उच्चाधिकारियों से वार्ता की जाएगी। क्षेत्र पंचायत सदस्यों की मांगों का वह समर्थन करते हैं। बता दें कि कोटाबाग ब्लॉक में कुल 30 क्षेत्र पंचायत सदस्य है।