कुलपति प्रो. केएस राना।
- फोटो : NAINITAL
नैनीताल। कुमाऊं विश्वविद्यालय का 16वां दीक्षांत समारोह चार मार्च 2020 को होगा। सोमवार को कुलाधिपति एवं राज्यपाल बेबी रानी मौर्य ने दीक्षांत समारोह के आयोजन का अनुमोदन कर दिया। दीक्षांत समारोह में मुख्य अतिथि केंद्रीय मानव संसाधन विकास मंत्री डॉ. रमेश पोखरियाल निशंक होंगे।
दीक्षांत समारोह की तिथि तय होने के बाद विवि प्रशासन कार्यक्रम की तैयारियों के लिए जुट गया है। विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. केएस राना ने उक्त बताया कि दीक्षांत समारोह पहले नवंबर में प्रस्तावित था, लेकिन उक्त माह में समारोह का आयोजन नहीं हो सका। उसके बाद दीक्षांत समारोह के लिए 27 फरवरी और चार मार्च की तिथियां प्रस्तावित की गई। कुलपति ने बताया कि सोमवार को राज्यपाल बेबी रानी मौर्य ने चार मार्च को दीक्षांत समारोह आयोजित करने की सहमति दे दी है।
प्रो. राना ने बताया कि दीक्षांत समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, उपराष्ट्रपति वेंकैया नायडू और बाबा रामदेव को भी आमंत्रित किया था, लेकिन अपरिहार्य कारणों के चलते उक्त अतिथि इस आयोजन में हिस्सा नहीं ले पा रहे हैं। कुलपति ने बताया कि कुलाधिपति बेबी रानी मौर्य ने दीक्षांत समारोह के मुख्य अतिथि के रूप में केंद्रीय मानव संसाधन विकास मंत्री डॉ. रमेश पोखरियाल निशंक, विशिष्ट अतिथि के रूप में प्रदेश के उच्च शिक्षा राज्य मंत्री डॉ. धनसिंह रावत और कृषि मंत्री सुबोध उनियाल को आमंत्रण पत्र भेजा गया है। दीक्षांत समारोह में सुप्रीम कोर्ट के न्यायाधीश डीवाई चंद्रचूड़, इंडिया टीवी के चेयरमैन रजत शर्मा और वरिष्ठ डॉक्टर सौमित्र रावत को कुलाधिपति की ओर से डॉक्टरेट की मानद उपाधि देने का भी अनुमोदन किया है।