हल्द्वानी। सोबन सिंह जीना बेस अस्पताल के सीएमएस डॉ. एसबी ओली शनिवार को सेवानिवृत्त हो जाएंगे। वहीं, आचार संहिता के चलते नए सीएमएस की तैनाती अभी नहीं हो सकेगी।
डॉ. ओली ने मई 2017 में सोबन सिंह जीना बेस अस्पताल में सीएमएस के तौर पर कार्यभार संभाला था। उनके कार्यकाल में फिजीशियन का स्थानांतरण हो गया और मरीजों को फिजीशियन की सुविधा नहीं मिल सकी। डॉ. ओली के कई बार कहने के बावजूद सीएमओ और स्वास्थ्य महकमा फिजीशियन नहीं दे सका। त्वचा रोग विशेषज्ञ डॉ. एस अनवर भी उत्तर प्रदेश चले गए थे। शनिवार को डॉ. ओली सेवानिवृत्त हो जाएंगे। डॉ. ओली का चार्ज वरिष्ठता के आधार पर डॉ. संजय शाह को मिलने की संभावना है। दूसरी ओर स्वास्थ्य महानिदेशक डॉ. रवींद्र थपलियाल ने कहा कि आदर्श आचार संहिता के चलते अभी तैनाती नहीं की जा सकती। डॉ. ओली के बाद जो वरिष्ठ होगा उसे ही सीएमएस का चार्ज दिया जाएगा।
आज सेवानिवृत्त हो जाएंगे बेस अस्पताल के सीएमएस
आचार संहिता के कारण नहीं होगी नए सीएमएस की तैनाती
वरिष्ठ डॉक्टर को देंगे चार्ज
पीजी की 32 सीटों पर 30 ने किया आवेदन
हल्द्वानी। राजकीय मेडिकल कॉलेज हल्द्वानी में पीजी की सीटों पर दाखिला शुरू हो गया। राजकीय मेडिकल कॉलेज में पीजी की 65 सीटें हैं। 32 सीटें आल इंडिया मेडिकल की हैं, जबकि 33 सीटें स्टेट कोटे की हैं। पीजी की 32 में से 30 सीटों पर दाखिला लेने के लिए छात्र-छात्राओं ने आवेदन कर दिया है, जबकि एक छात्र ने शुक्रवार को प्रमाण पत्र आदि भी जमा किए। प्राचार्य डॉ. सीपी भैसोड़ा ने बताया कि दाखिले की प्रक्रिया शुरू हो गई है। प्रमाण पत्रों की जांच के साथ ही छात्र-छात्राओं को दाखिला दिया जाएगा।