हल्द्वानी। धरपकड़ के बाद भी स्कूल-कॉलेजों के बाहर स्मैक की तस्करी थम नहीं रही है। शुक्रवार की रात मुखानी थाने की पुलिस और एसओजी की टीम ने दो स्थानों पर घेराबंदी कर चार स्मैक तस्करों को गिरफ्तार कर लिया। चारों छात्रों को स्मैक की सप्लाई करते थे। उनके कब्जे से 17 ग्राम स्मैक बरामद की गई।
एसपी सिटी अमित श्रीवास्तव ने बहुउद्देशीय भवन में पत्रकारों को बताया कि एसएसपी सुनील कुमार मीणा के निर्देशन में नशे के खिलाफ जारी अभियान के तहत थानाध्यक्ष नंदन सिंह रावत की टीम ने चार धाम मंदिर से आगे गुनीपुर जीवानंद स्थित निर्माणाधीन कालोनी में शुक्रवार रात घेराबंदी कर स्मैक तस्कर को धर दबोचा। पुलिस को देखते ही तस्कर झाड़ियों के पीछे छिप गया था। पुलिस ने उसके पास से 3.6 ग्राम स्मैक बरामद किया।
पकड़ा गया हरेंद्र सिंह बिष्ट उर्फ वक्कार लामाचौड़ खास का रहने वाला है। पूछताछ से पता चला कि हरेंद्र टेंपो चलाता है और छात्रों को स्मैक बेचता है। अभियुक्त ने बरामद स्मैक बहेड़ी के रिजवान से खरीदा था। प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र नवाड़ आनंदपुर से आ रही ऑल्टो कार को पुलिस ने रोका तो तस्करों ने स्मैक फेंकना शुरू कर दिया।
पुलिस ने कार में सवार तीन लोगों को पकड़ लिया। पकड़े गए लोगों में सावित्री कालोनी जेल रोड निवासी सुमित बिष्ट उर्फ दीपक, पृथ्वीराज थापा उर्फ पप्पू हड्डी, सद्भावना विहार पीलीकोठी, पंचशील कॉलोनी फेस 1 मुखानी निवासी धर्मेंद्र कश्यप शामिल हैं। पुुलिस ने उनके कब्जे से 13.4 ग्राम स्मैक बरामद की पूछताछ से पता चला कि तीनों ने समीर नामक व्यक्ति से स्मैक खरीदी थी। पुलिस ने कार को जब्त कर लिया। पुलिस का कहना है कि गिरफ्तार अभियुक्त स्कूलों के आस पास स्मैक बेचते हैं।
थानाध्यक्ष नंदन सिंह रावत ने बताया कि गिरफ्तार पृथ्वीराज उर्फ पप्पू हड्डी दो बार पहले भी स्मैक तस्करी में पकड़ा गया था। हड्डी की संगत में पकड़कर उसका भतीजा आ गया। पुलिस ने पप्पू के मकान मालिक से संपर्क किया। हरेंद्र को नशे की लत के चलते पिता ने संपत्ति से बेदखल कर दिया है। सुमित बिष्ट हत्या के प्रयास के मुकदमे में सजायाफ्ता है।