हल्द्वानी। परिवहन निगम की टीम ने आनंद विहार बस अड्डे पर छापा मारकर हल्द्वानी डिपो की बस के परिचालक के पास से डुप्लीकेट टिकट बुक पकड़ी है। टीम ने टिकट बुक को सीज कर दिया है। रोडवेज के अधिकारियों ने इसकी पुष्टि की है।
परिवहन निगम के अधिकारियों को शिकायत मिल रही थी कि निगम के कुछ डिपो में डुप्लीकेट टिकटों का बड़ा खेल चल रहा है। इस पर परिवहन निगम की टीम ने बुधवार रात आनंद विहार में बसों की चेकिंग की। चेकिंग में हल्द्वानी के परिचालक के पास डुप्लीकेट टिकट बुक मिली। टीम ने इसे सीज कर दिया।
हल्द्वानी डिपो के इंचार्ज रवि कापड़ी ने बताया कि आनंद विहार में एक बस का डुप्लीकेट टिकट का मामला सामने आया है। अभी रिपोर्ट नहीं मिली है। रिपोर्ट मिलने की बाद ही इन टिकटों की जांच की जाएगी। उधर, एआरएम वीके सैनी ने बताया कि मामला संज्ञान में आया है। अधिकारिक रिपोर्ट का इंतजार है। इसके बाद ही कोई कार्रवाई की जाएगी।
हल्द्वानी डिपो का परिचालक डुप्लीकेट टिकट बुक के साथ पकड़ा
परिवहन निगम की टीम ने मारा आनंद विहार बस अड्डे पर छापा
लंबे समय से रोडवेज बसों में डुप्लीकेट टिकट चलाने की बात आ रही थी सामने