रानीखेत (अल्मोड़ा)। कुमाऊं रेजीमेंट केंद्र के कमांडेंट और छावनी परिषद अध्यक्ष ब्रिगेडियर जीएस राठौर के आश्वासन के बाद कैंट वार्ड नंबर चार के सभासद विनोद चंद्र ने धरना एक सप्ताह के लिए स्थगित कर दिया है। सभासद विनोद चंद्र ने वार्ड के साथ विकास कार्यों में भेदभावपूर्ण नीति अपनाने का आरोप लगाते हुए 15 दिसंबर से धरने पर बैठने की चेेतावनी दी थी।
बता दें कि वार्ड नंबर चार के सभासद विनोद चंद्र ने पूर्व में छावनी परिषद पर वार्ड के विकास कार्यों में भेदभावपूर्ण नीति अपनाने का आरोप लगाया था। इस संबंध में उन्होंने छावनी अध्यक्ष और एसडीएम को भी ज्ञापन भेजे थे।
इधर छावनी अयक्ष ने पत्र का संज्ञान लेते हुए सभासद को वार्ता के लिए अपने कार्यालय में आमंत्रित कर उनकी समस्याएं सुनीं। अध्यक्ष ने आश्वासन दिया कि समस्याओं का समाधान के लिए बोर्ड कटिबद्ध है, सभी वार्डों में समान रूप से विकास कार्य किए जाएंगे। सभासद ने बताया कि अध्यक्ष के साथ हुई वार्ता से वह पूरी तरह से संतुष्ट हैं।
आश्वासन के बाद वह फिलहाल एक सप्ताह के लिए अपना धरना स्थगित कर रहे हैं। उन्होंने अपने सहयोगियों का भी आभार जताया है।